एसीबी के नए डीजी डॉ. रवि प्रकाश ने संभाला पदभार, कहा- निर्दोष फंसे नहीं और कसूरवार बचे नहीं

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) के नए मुखिया के रूप में डॉ. रवि प्रकाश मेहरड़ा ने डीजी के पद पर कार्यभार संभाला, चर्चा के दौरान कहा-भ्रष्टारियों को किसी भी कीमत पर नहीं बख्शा जाएगा

जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) के नए मुखिया के रूप में डॉ. रवि प्रकाश मेहरड़ा ने शुक्रवार को महानिदेशक (डीजी) के पद पर कार्यभार संभाल लिया है। उन्होंने एसीबी मुख्यालय पहुंचकर कार्यभार संभाला और अधिकारियों की बैठक लेकर चर्चा की। इसके बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि कोई निर्दोष नहीं फंसे और जिसने भ्रष्टाचार किया है, वो बचे नहीं, यही प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने एसीबी की हेल्पलाइन 1064 का ज्यादा से ज्यादा जनता के बीच प्रचार करने और पेंडेंसी कम करने पर भी जोर दिया। पदभार संभालने के बाद डॉ. रवि प्रकाश मेहरड़ा ने कहा कि गैर कानूनी तरीके से पैसे कमाने वाले भ्रष्टाचारियों के कारण जनता को परेशानी होती है। उनके काम नहीं होते हैं और काम करवाने के बदले उन्हें बड़ी कीमत चुकानी पड़ती है। इस परिस्थिति से निपटने के लिए भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो है। हम सरकार के सभी विभागों में हो रहे भ्रष्टाचार में लिप्त लोगों पर एक्शन लेने का काम करते रहते हैं। रवि प्रकाश मेहरड़ा ने कहा कि अभी अधिकारियों से प्रारंभिक चर्चा हुई है। अब सभी योजनाओं और अन्य विषयों जैसे पेंडेंसी का लेखा-जोखा लिया जाएगा। किस तरह से काम को गति दी जाए और सुधार किया जाए, इस पर फोकस रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि एसीबी के अधिकारियों ने पहले भी अच्छा काम किया है। उसे हम आगे बढ़ाने का प्रयास करेंगे। काम में सुधार की जो भी बात होगी, उसमें टीम वर्क की भावना से सभी की भागीदारी होगी।