Anjani
समाज में नवचेतना जागृत करने, आपसी एकीकरण को सुदृढ़ करने, समाज कल्याण, सनातन संस्कृति, गौ सेवा के प्रकल्पों को गति देने तथा गुरुकुल शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जयपुर सन्यास मंडल का गठन किया गया।अखिल भारतीय संत समिति राजस्थान के अध्यक्ष हाथोज धाम पीठाधीश्वर स्वामी बालमुकुन्दाचार्य महाराज के सान्निध्य में सर्वसम्मति से हवामहल विधानसभा क्षेत्र स्थित मद्रासी बाबा की बगीची, माउंट रोड में आयोजित कार्यक्रम में महंत विष्णु गिरी महाराज को जयपुर सन्यास मंडल का अध्यक्ष नियुक्त किया गया। वहीं मद्रासी बाबा की बगीची, माउंट रोड के महंत चमनगिरी महाराज एवं स्वामी बसन्तानंद महाराज को मंडल का संरक्षक मनोनीत किया गया।कार्यक्रम में हज़ार से अधिक संतों की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर सभी संतों को पौषबड़ा प्रसादी करवाई गई। स्वामी बालमुकुन्दाचार्य महाराज द्वारा नवगठित मंडल के पदाधिकारियों का शॉल ओढ़ाकर स्वागत एवं सम्मान किया गया।स्वामी बालमुकुन्दाचार्य महाराज ने अपने उद्बोधन में कहा कि देशभर में विभिन्न संत मंडल कार्यरत है। उन्हीं की कड़ी में जयपुर सन्यास मंडल का गठन किया गया है जिसके माध्यम से संतों की समस्याओं, आश्रमों से जुड़ी चुनौतियों तथा संतों की सामूहिक सहायता जैसे पुण्य कार्य किए जाएंगे। यह प्रयास सनातन संस्कृति की मूल भावना को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।