जयपुर में श्रावण मास की शुरुआत पर शुक्रवार को उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने सिटी महल स्थित राजराजेश्वर शिव मंदिर में पूजा-अर्चना की। उन्होंने भगवान शिव का जल और दुग्ध से अभिषेक किया। मंदिर में सुबह से वैदिक मंत्रों की ध्वनि गूंज रही थी। दीया कुमारी ने विधि-विधान से भगवान शिव की पूजा की। उन्होंने जलकलश से शिवलिंग का रूद्राभिषेक किया। इसके बाद आरती भी की। पूजा में कई महिलाएं और कन्याएं भी शामिल हुईं। मंदिर में फूलों की सुगंध, धूप-दीप की लौ और घंटियों की मधुर ध्वनि से आध्यात्मिक माहौल बना। उपमुख्यमंत्री ने प्रदेश के लिए महादेव से आशीर्वाद मांगा। दीया कुमारी ने कहा कि सावन का महीना आत्मिक ऊर्जा और भक्ति का प्रतीक है। उन्होंने प्रदेश में खुशहाली, अच्छे स्वास्थ्य और शांति की कामना की। उन्होंने प्रदेशवासियों को सावन की शुभकामनाएं दीं। साथ ही कहा कि यह समय भक्ति के साथ आत्मनिरीक्षण और परोपकार का भी है।
: