श्री बालाजी गौशाला में श्रीमद् भागवत कथा सप्ताह..विभिन्न प्रसंग सुन भक्त हुए भाव विभोर

बगरू। कस्बे के निकटवर्ती भांकरोटा खुर्द स्थित श्री बालाजी गौशाला में चल रही श्रीमद् भागवत कथा सप्ताह ज्ञान यज्ञ में कथाव्यास साध्वी सुभद्रा महाराज ने व्यास नारद संवाद, परीक्षित चरित्र, रसिका भूवि भाविका, कुंती चरित्र, विदुर मैत्री प्रसंग की कथा श्रवण कराई। कथा के दूसरे दिन कथा व्यास महाराज ने ज्ञान भक्ति वैराग्य की कथा श्रवण करते हुए मोक्ष प्राप्ति की कथा श्रवण कराई। साथ ही व्यास नारद संवाद, परीक्षित जन्म, वस्ता के दस लक्षण, रसिका भूवि भाविका, कुन्ती चरित्र सहित विदुर मैत्री प्रसंग की कथा श्रवण कराई। साध्वी महाराज ने बताया कि हमेशा मधुर मीठा बोलो, वाणी के सुर सुधार लो, जिस तरह कौवा दिन भर कांय कांय करता है लेकिन कोई नहीं सुनता लेकिन जब कोयल बोलती है तो सब ध्यान से सुनते हैं इसी लिए कोयल बनो कौवा नहीं। जीव का कल्याण भगवत भजन से होगा क्योंकि जीव का जन्म प्रभु की भक्ति के लिए हुआ है, प्रभु का भजन जो जीव नहीं करता है पशु के समान होता है। अगर कल्याण चाहते हैं, जन्म मरण के चक्कर से बचना चाहते हैं तो हरी भजों, भगवान का भजन ही सार है बांकी सब बेकार है। इसके अलावा कथा वाचक साध्वी महाराज ने कई प्रसंग सुनाए।