बैंक की तिजोरी से सोना उड़ाकर नकली जेवर रखे, करोड़ों का फर्जीवाड़ा उजागर
झुंझुनूं जिले के नवलगढ़ कस्बे में स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में अमानत में ख्यानत का एक बड़ा और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। बैंक के स्ट्रॉन्ग रूम में रखे गोल्ड लोन के आभूषणों में सुनियोजित तरीके से हेराफेरी कर करीब 6.50 करोड़ रुपये कीमत का 4 किलो 198 ग्राम सोना गायब कर दिया गया। आरोप है कि तत्कालीन वरिष्ठ शाखा प्रबंधक अमित कुमार ने बैंकिंग कॉरेस्पोडेंट संतोष कुमार और उप प्रबंधक अनंतप्रकाश के साथ मिलकर गोल्ड सेफ से असली सोने के आभूषण निकाले और उनकी जगह नकली जेवर रख दिए, ताकि लंबे समय तक चोरी का पता न चल सके। ... बैंक प्रबंधन को इस गड़बड़ी का खुलासा तब हुआ जब 28 जनवरी 2026 को गोल्ड सेफ की संयुक्त अभिरक्षा का चार्ज नए अधिकारी को सौंपा जा रहा था। जांच के दौरान पाया गया कि कुल 76 गोल्ड पैकेट में से 73 पैकेट में नकली आभूषण रखे गए हैं, जबकि तीन पैकेट में रखे सोने का वजन कम था। आंतरिक जांच के बाद सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिसमें 21 जनवरी 2026 की शाम तत्कालीन शाखा प्रबंधक और बैंकिंग कॉरेस्पोडेंट को आभूषणों के पैकेट बॉक्स में भरकर बैंक से बाहर ले जाते हुए देखा गया। इसके अगले दिन 22 जनवरी को स्ट्रॉन्ग रूम में गोल्ड सेफ से छेड़छाड़ करते हुए भी दोनों कैमरे में कैद हुए। .... जांच में यह भी सामने आया कि गोल्ड सेफ की संयुक्त अभिरक्षा की एक चाबी उप प्रबंधक अनंतप्रकाश के पास थी, जिसे उन्होंने नियमों के खिलाफ शाखा प्रबंधक अमित कुमार को सौंप दिया था। इसी का फायदा उठाकर बड़े पैमाने पर सोने की हेराफेरी को अंजाम दिया गया। मौजूदा वरिष्ठ शाखा प्रबंधक मुकेश सिहाग की शिकायत पर नवलगढ़ पुलिस थाने में तीनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, अमानत में ख्यानत सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि विस्तृत जांच के बाद यह साफ होगा कि कुल कितना सोना गायब किया गया और इस साजिश में और कौन-कौन शामिल रहा। इस घटना से न केवल बैंकिंग सिस्टम की सुरक्षा पर सवाल खड़े हुए हैं, बल्कि पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।