बर्गर किंग के पास ऊपरी हिस्से में लगी आग; 1-2 किमी तक फैला धुआं, कोई जनहानि नहीं
कोटा के विज्ञान नगर थाना क्षेत्र स्थित झालावाड़ रोड पर बुधवार सुबह सिटी मॉल में अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग मॉल के ऊपरी हिस्से में Burger King रेस्टोरेंट के पास भड़की, जिसके बाद धुआं और लपटें दूर-दूर तक दिखाई देने लगीं।
घटना सुबह करीब 10:30 बजे की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही 10 मिनट के भीतर दमकल की टीमें मौके पर पहुंच गईं। आग बुझाने के लिए कुल 12 दमकल गाड़ियों को लगाया गया, जिन्होंने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
मौके पर सिटी एसपी तेजस्विनी गौतम सहित पुलिस, नगर निगम और फायर ब्रिगेड की टीमें मौजूद रहीं। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पूरे मॉल को खाली कराया और आसपास के लोगों को भी सुरक्षित दूरी पर हटाया। बताया जा रहा है कि धुआं करीब 1 से 2 किलोमीटर दूर तक फैल गया था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मॉल के फर्स्ट फ्लोर पर आग की तेज लपटें उठती नजर आईं, जिससे वहां मौजूद लोग घबराकर बाहर की ओर भागने लगे। कुछ लोग घटना का वीडियो भी बनाते दिखाई दिए।
फायर ऑफिसर अमजद के अनुसार, आग की सूचना मिलते ही बिना देरी किए टीमें मौके पर पहुंचीं। आग काफी भीषण थी, इसलिए सब्जी मंडी, श्रीनाथपुरम, भामाशाह मंडी सहित कोटा थर्मल और डीसीएम से भी अतिरिक्त दमकलें बुलाई गईं।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि अभी नहीं हुई है। राहत की बात यह है कि इस घटना में अब तक किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। फिलहाल क्षेत्र में धुआं बना हुआ है और हालात पर नजर रखी जा रही है।