फटे कपड़ों में मिला ‘शातिर बदमाश’..पकडऩे गई पुलिस भी रह गई हैरान!

आखिर धरा गया जयपुर पुलिस के लिए सिरदर्द बना हार्डकोर अपराधी रहीश खान, आरोपी पर लूटपाट सहित चेन स्नैचिंग के 21 से अधिक मामले दर्ज, पुलिस ने विशेष अभियान के तहत आरोपी को पकड़ा
जयपुर। राजधानी के नौ थाना क्षेत्रों में 21 आपराधिक मामलों में वांछित आरोपी रहीश खान को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। जालुपुरा इलाके में बड़ी मस्जिद के पीछे रहने वाले इस अपराधी की पुलिस को लंबे समय से तलाश थी। गिरफ्तारी के बाद उसके फटे हाल देखकर उसे पहचानना भी मुश्किल हो गया था। जयपुर में महिलाओं के गहने छीनने, लूटने के कई मामलों में रहीश फरार चल रहा था। आए दिन होने वाली चैन स्नैचिंग की वारदातों के चलते शहर में महिलाओं का गहने पहनकर निकला भी दूभर हो गया है। ऐसे में रहीश की गिरफ्तार से पुलिस को चैन स्नैचिंग गिरोह के और बदमाशों तक पहुंचने में मदद मिल सकती है। जानकारी के अनुसार रहीश खान महिलाओं के गले से चेन छीनने जैसे अपराधों में संलिप्त एक हार्डकोर अपराधी है। उसके खिलाफ जयपुर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में करीब दो दर्जन मामले दर्ज हैं। पुलिस अब उससे हाल ही में हुई वारदातों को लेकर गहन पूछताछ कर रही है। जयपुर पश्चिम के पुलिस उपायुक्त अमित कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि अपराधियों की धरपकड़ के लिए पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इस अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आलोक सिंघल और सहायक पुलिस आयुक्त धर्मवीर सिंह के निर्देशन में थाना सिंधीकैंप के प्रभारी श्याम सुंदर शर्मा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने निरंतर निगरानी और खुफिया जानकारी जुटाकर कड़ी मशक्कत के बाद लंबे समय से फरार चल रहे स्थायी वारंटी रहीश खान पुत्र मुस्ताक खान (निवासी मकान नंबर 255, बड़ी मस्जिद के पीछे, जालुपुरा, जयपुर) को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।


अधिकांश समय अंडर ग्राउंड ही रहता था बदमाश, पुलिस की आंखों में झोंकता रहा धूल
पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इसके कारण वह अधिकांश समय अंडर ग्राउंड ही रहता है। डीसीपी वैस्ट अमित कुमार ने बताया- पुलिस मुख्यालय की ओर से एक विशेष आदेश जारी हुआ है। इसमें वांटेड बदमाशों को चिह्नित कर उन की गिरफ्तारी करने के लिए कहा गया है। इसी क्रम में सभी सीआई को थाने के वांटेड जल्द से जल्द पकडऩे के आदेश दिए गए। इस पर सिंधी कैंप थाना पुलिस ने काफी समय से फरार चल रहे जालूपुरा थाने के एचएस रहीश खान पुत्र मुस्ताक खान निवासी म.नं. 255 बडी मस्जिद के पीछे जालूपुरा को गिरफ्तार किया हैं। रहीश खान महिलाओं के गले से चेन तोडऩे का हार्डकोर बदमाश है। इसके खिलाफ जयपुर शहर में विभिन्न थानों में करीब 2 दर्जन एफआईआर दर्ज है।

Most Read