साथलका गांव स्थित बिल्लू लेबर कॉलोनी में गुरुवार सुबह गैस सिलेंडर बदलते समय हुए लीकेज ने बड़ा हादसा कर दिया। खाना बनाते दौरान अचानक आग भड़कने से एक ही परिवार के सात सदस्य झुलस गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। सभी घायलों को तुरंत भिवाड़ी जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए अलवर रेफर कर दिया गया।
सिलेंडर बदलते समय हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, उत्तर प्रदेश निवासी 35 वर्षीय नेम सिंह अपने परिवार के साथ किराए के कमरे में रहते हैं। गुरुवार सुबह परिवार के लिए खाना बन रहा था। इसी दौरान गैस खत्म होने पर नेम सिंह नया सिलेंडर लगाने लगे।
बताया जा रहा है कि सिलेंडर बदलते समय अचानक गैस लीकेज शुरू हो गया। कुछ ही पलों में कमरे में एलपीजी गैस फैल गई और देखते ही देखते आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि कमरे में मौजूद सभी लोग इसकी चपेट में आ गए।
परिवार के 7 सदस्य झुलसे
इस हादसे में नेम सिंह (35) सहित उनकी पत्नी ममता (30), मामा बृजेश (32), पुत्र पंकज (8), पुत्र छगन (6), पुत्री काजल (15) और किशनबती (12) झुलस गए। घटना के समय सभी सदस्य कमरे में मौजूद थे, जिससे कोई भी खुद को बचा नहीं पाया।
पड़ोसियों ने दिखाई बहादुरी
घटना के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायलों को कमरे से बाहर निकाला। स्थानीय निवासियों की तत्परता से आग पर काबू पाया गया और बड़ा हादसा टल गया।
पुलिस जांच में जुटी, CCTV फुटेज सामने
भिवाड़ी थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सभी घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें सिलेंडर में आग लगने और लोगों द्वारा उसे बाहर खींचकर हटाने का दृश्य साफ दिखाई दे रहा है।