आरोपियों की गिरफ्तारी सहित अन्य मांगों पर बनी सहमति..परिवहन निरीक्षकों ने स्थगित किया कार्य बहिष्कार आंदोलन

चुरू में परिवहन निरीक्षक के साथ मारपीट का मामला, मुख्यमंत्री के साथ वार्ता में मिला आरोपियों की गिरफ्तारी और निरीक्षक को पुन: पद स्थापित करने पर का मिला आश्वासन

जयपुर। चूरु में परिवहन निरीक्षक सुरेश बिश्नोई के साथ हुई मारपीट की घटना के बाद आरोपियों को गिरफ्तार नहीं करने के विरोध में राजस्थान परिवहन निरीक्षक संघ द्वारा  27 जून दोपहर बाद से कार्य बहिष्कार शुरू किया गया था। इसके बाद शुक्रवार को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के साथ हुई सकारात्मक वार्ता के बाद तुरंत प्रभाव से इस कार्य बहिष्कार को प्रतिनिधि मंडल में शामिल लोगों से चर्चा कर स्थगित कर दिया है। सोमवार से सभी निरीक्षक अपने-अपने काम पर लौट जाएंगे। 
राजस्थान परिवहन निरीक्षक संघ के अध्यक्ष राजेश चौधरी ने बताया कि वार्ता में मुख्यमंत्री ने अभियुक्तों को जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है और परिवहन निरीक्षक सुरेश विष्णोई को उसकी इच्छा नुसार चूरु अथवा अन्य जगह पदस्थापित करने का वादा किया है। इस कार्य बहिष्कार में परिवहन विभाग राजस्थान मंत्रालयिक  कर्मचारी संघ ने अध्यक्ष राज सिंह चौधरी के आव्हान पर निरीक्षकों के साथ कार्य बहिष्कार किया था। साथ ही अध्यक्ष कपिल चौधरी, राजस्थान सूचना सहायक संघ ने तथा राजस्थान परिवहन सेवा परिषद ने नैतिक समर्थन देते हुए काली पट्टी बांध कर विरोध जताया था। साथ ही ऑल इंडिया मोटर ड्राइविंग स्कूल एसोसिएशन के अध्यक्ष गिरीश शर्मा, ऑल इंडिया फेडरेशन ऑफ मोटर व्हीकल टेक्निकल ऑफिसर एसोसिएशन के आह्वान पर संपूर्ण भारत में परिवहन विभाग के अधिकारियों ने काली पट्टी बांध कर समर्थन दिया।