पहले चरण में हेरिटेज निगम के 100 वार्डों में मतदान आज, भाजपा-कांग्रेस में मुकाबला

जयपुर@ जयपुर हेरिटेज के 9 लाख 32 हजार से ज्यादा मतदाता गुरुवार को 100 वार्डों में भाग्य आजमा रहे 430 प्रत्याशियों के राजनीतिक भविष्य का फैसला करेंगे। जयपुर नगर के निगम के विभाजन के बाद यह पहला चुनाव होगा, इसलिए भी यह गुरुवार का दिन शहरवासियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। क्योंकि, जयपुर में अब दो निगम और दो मेयर होंगे, इनमें एक मेयर हेरिटेज निगम से होगा।यहां यह बता दें कि जयपुर शहर भाजपा का गढ़ रहा है और आज तक यहां कांग्रेस सीधे चुनाव में मेयर तो बना सकी, लेकिन 26 साल में बने पांच बोर्डों में से एक बार भी बहुमत हासिल नहीं कर सकी। कांग्रेस इस उम्मीद में है कि अब हेरिटेज में बोर्ड बनाने का सपना साकार कर सकेगी।, भाजपा के सामने अपना गढ़ बचाने की बड़ी चुनौती हैं।

अब बाजी, भाजपा के हाथ लगेगी या फिर कांग्रेस पहली बार अपना बोर्ड बना सकेंगी। इसका फैसला गुरुवार को हेरिटेज के मतदाता कर ही देंगे। मतदाताओं का फैसला 3 नवंबर को सामने आएगा, जब ईवीएम खुलेंगी।

हेरिटेज निगम में कांग्रेस के 99 और भाजपा के 98 प्रत्याशी मैदान में हैं, जिन सीटों पर प्रत्याशी नहीं है वहां दोनों पार्टियों निर्दलीयों का समर्थन कर रही है। कुछेक वार्डों को छोड़ दें तो मुख्य मुकाबला भाजपा एवं कांग्रेस में ही नजर आ रहा है। कांग्रेस हेरिटेज की 100 में से 80 सीटें जीतने की उम्मीद लगाए है, जबकि भाजपा का दावा है कि 70 सीटें उसके प्रत्याशी जीतेंगे।

आज सुबह 7:30 बजे से 5:30 तक मतदान

हेरिटेज में पुरुष मतदाता 491582 और महिला मतदाता 441211 हैं। थर्ड जेंडर वोटर 15 हैं। हेरिटेज निगम के आदर्श नगर, किशनपोल, आमेर, सिविल लाइंस, और हवामहल विधानसभा क्षेत्रों मेें कुल 1581 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। बुधवार को 7,900 मतदानकर्मी भवानी निकेतन शिक्षण संस्थान से रवाना हाेकर मतदान केंद्र पहुंचे। मतदान दलों को अपने निश्चित स्थान तक पहुंचाने के लिए लगभग 750 वाहनों की व्यवस्था की गई है। वार्ड 6 व 7 में भाजपा का प्रत्याशी घोषित हाेने के बाद भी नामांकन नहीं भरे गए।

वार्ड-89 में कांग्रेस काे काेई प्रत्याशी नहीं। मतदान स्थलों को एक दिन पहले ही नगर निगम के माध्यम से सैनिटाइज कर दिया जाएगा। मतदान के दिन में मतदान स्थल पर मास्क भी उपलब्ध करवाए जाएंगे। जो लोग मास्क पहनकर नहीं आएंगे उन्हें मौके पर मास्क उपलब्ध करवाया जाएगा। बिना मास्क के मतदान स्थल में प्रवेश नहीं है । साथ ही हाथों को भी सैनिटाइज करवाया जाएगा ईवीएम मशीन को भी सैनिटाइज करने की व्यवस्था की गई है। हेरिटेज के 100 वार्डों में चुनाव लड़ रहे 430 प्रत्याशियों में से 98 भाजपा, 99 कांग्रेस, 9 बीएसपी, 5 सीपीआई(एम), 2 सीपीआई, 6 एनसीपी, 1 आरएलपी और 210 निर्दलीय प्रत्याशी मैदान में है।