Breaking - सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल को लेकर गृह मंत्रालय में हाईलेवल मीटिंग जारी

सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल को लेकर गृह मंत्रालय में हाईलेवल मीटिंग जारी है। केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन की अध्यक्षता में हो रही बैठक में राज्यों के मुख्य सचिव, सिविल डिफेंस चीफ समेत कई हाई रैंक ऑफिसर शामिल हुए हैं।

केंद्र सरकार ने कल 7 मई को देश के 244 जिलों में मॉक ड्रिल करने के लिए कहा है। इसमें नागरिकों को हमले के दौरान खुद को बचाने की ट्रेनिंग दी जाएगी। हवाई हमले की चेतावनी देने वाले सायरन बजाए जाएंगे।  पाकिस्तान से युद्ध की आशंकाओं के बीच इसी महीने भारत को रूस से जंगी जहाज तमल मिल जाएगा। रूस 28 मई को इसे भारतीय नौसेना को सौंपेगा। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जून में इसे आधिकारिक रूप से नौसेना में शामिल किया जाएगा। यह जंगी जहाज ब्रह्मोस मिसाइल से लैस होगा, जो रडार की पकड़ में भी नहीं आएगा।  इससे पहले पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने दावा किया कि भारत नियंत्रण रेखा (LoC) पर किसी भी समय सैन्य कार्रवाई कर सकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राजनीतिक फायदे के लिए क्षेत्र को परमाणु युद्ध के कगार पर धकेल रहे हैं।  भारत-पाकिस्तान के बीच 22 अप्रैल को हुए पहलगाम अटैक के बाद तनाव बढ़ता जा रहा है। इस हमले में आतंकी फायरिंग में 26 टूरिस्ट मारे गए थे। 

देश में पिछली बार ऐसी मॉक ड्रिल 1971 में हुई थी। तब भारत और पाकिस्‍तान के बीच युद्ध हुआ था। यह मॉक ड्रिल युद्ध के दौरान हुई थी।  हालांकि रविवार-सोमवार रात पंजाब के फिरोजपुर छावनी में ब्लैकआउट प्रैक्टिस की गई। इस दौरान गांवों और मोहल्लों में रात 9 बजे से 9:30 बजे तक बिजली बंद रही।