भोपाल में उदयपुर हत्याकांड का विरोध, फूंका राजस्थान के सीएम का पुतला

उदयपुर में हुए हत्याकांड का मामला अब मध्य प्रदेश में भी गरमा गया है। भोपाल में राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत (Ashok Gehlot) का पुतला दहन किया गया। वहीं, भाजपा सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर (Pragya Singh Thakur) ने कांग्रेस पर निशाना साधा है।

संस्कृति बचाओ मंच ने फूंका अशोक गहलोत का पुतला:
बता दें कि, भाजपा की पूर्व प्रवक्ता नूपुर शर्मा का समर्थन करने के कारण उदयपुर में हुए जघन्य हत्याकांड का विरोध मध्यप्रदेश में भी शुरू हो गया है। इसके लिए राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का जवाबदार ठहराते हुए 'संस्कृति बचाओ मंच' ने मुख्यमंत्री का पुतला फूंका है। 'संस्कृति बचाओ मंच' के पदाधिकारियों ने इस घटना को सोची-समझी साजिश बताया और कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।
मध्य प्रदेश में हाई अलर्ट जारी:
राजस्थान के उदयपुर में हुए हत्याकांड के बाद अब मध्य प्रदेश में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इंटेलिजेंस चीफ आदर्श कटियार से जानकारी ली। इससे पहले मध्यप्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने भी प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर डीजीपी को निर्देश दिए।
राजस्थान कांग्रेस सरकार इस्तीफा दे: सांसद प्रज्ञा
वहीं, उदयपुर हत्याकांड को लेकर भोपाल सांसद साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने राजस्थान की गहलोत सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने अपने ट्विटर अकाउंट पर ट्वीट करते हुए कहा कि, "धिक्कार है हिंदुओं की हत्यारी राजस्थान अशोक गहलोत कांग्रेस सरकार इस्तीफा दे। उदयपुर के कन्हैयालाल की जघन्य हत्या। कांग्रेस पोषित आतंकवाद की योजना का क्रियान्वयन राजस्थान से पुनः प्रारंभ। संभलकर हिंदू,हिंदुस्तान कांग्रेस अभी भी जिंदा है और देश शर्मिंदा है।"