जयपुर। राजस्थान शिक्षक संघ (राष्ट्रीय) उपशाखा झोटवाड़ा शहर द्वारा बाबा साहेब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर जयंती सप्ताह कार्यक्रम के अंतर्गत महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय ढेहर का बालाजी में ‘सामाजिक समरसता विचार मंथन’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में अशोक कुमार, महानगर सह कार्यवाह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने सामाजिक समरसता के नैतिक, बौद्धिक और सामाजिक मूल्यों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए वर्तमान परिप्रेक्ष्य में बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर के अमूल्य योगदान पर अपना पाथेय प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में अशोक कुमार शर्मा पूर्व प्रदेश सभाध्यक्ष ने सामाजिक सरोकार के रूप में बाबा साहेब के द्वारा बताए गए सिद्धांतों एवं शिक्षा के मार्ग पर चलकर अपने जीवन को समाज एवं राष्ट्र हित में समर्पित करने का आह्वान किया। विशिष्ट अतिथि के रूप में सूर्य प्रकाश शर्मा जिला संगठन मंत्री ने अपने उद्बोधन में सामाजिक समरसता के क्षेत्र में एक शिक्षक के बहुमूल्य कर्तव्यों एवं दायित्वों के निर्माण पर जोर देते हुए राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका को याद दिलाया। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजस्थान शिक्षक संघ (राष्ट्रीय) उपशाखा झोटवाड़ा शहर के अध्यक्ष छोटी लाल जाट ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में पधारे हुए सभी का आभार व्यक्त करते हुए सामाजिक समरसता के वास्तविक मूल्यों को अपने जीवन में उतार कर दूसरों के लिए उदाहरण प्रस्तुत करने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम का संचालन हनुमान सहाय मीणा उप शाखा मंत्री ने किया। इस अवसर पर जिला एवं उपशाखा कार्यकारिणी के अनेक पदाधिकारीगण सहित अनेक सक्रिय और दायित्ववान कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। अंत में शांति पाठ के बाद लजीज अल्पाहार किया गया।