जनता जल योजना के कर्मचारी और सफाईकर्मी हड़ताल पर..जोया ने जताई चिंता

जोबनेर भाजपा मण्डल अध्यक्ष पंकज जोया ने केबिनेट मंत्री राठौड़ को पत्र लिखकर करवाया अवगत, कर्मचारियों की उचित मांगों पर गौर करने की मांग


जोबनेर। जनता जल योजना के कर्मचारियों एवं सफाई कर्मियों द्वारा अपनी मांगों को लेकर पिछले कुछ दिनों से की जा रही हड़ताल से नगर पालिका जोबनेर क्षेत्र में हो रही समस्याओं को लेकर बुधवार को कैबिनेट मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ को पत्र प्रेषित कर जोबनेर भाजपा मण्डल अध्यक्ष पंकज जोया ने प्रकरणों से अवगत कराया। गौरतलब है कि जनता जन योजना कर्मचारी एवं सफाई कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर पिछले कुछ दिनों से कनिष्ठ अभियंता जोबनेर कार्यालय एवं नगर पालिका कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन कर रहे है। जनता जल योजना के कर्मचारियों की मांग है कि 1994 से चलाई गई इस योजना के बाद आज तक जनता जल योजना के कर्मचारियों को अर्ध कुशल कर्मचारियों का वेतन दिया जा रहा है जबकि वह 31 दिन तक कार्य करते हैं और 26 दिन का रुपया का भुगतान पीएचईडी विभाग की ट्रेजरी द्वारा उन्हें किया जाता है। जोया ने बताया कि जनता जल योजना राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री भैंरो सिंह शेखावत द्वारा चलाई गई थी। तत्कालीन सरकार द्वारा आश्वस्त किया गया था कि जनता जल योजना से जुडऩे वाले सभी कर्मचारियों को समय के साथ नियमित कर दिया जाएगा उसके बावजूद भी इन्हें आज तक नियमित नहीं किया गया है। सफाई कर्मचारियों द्वारा भी नगरपालिका कार्यालय के सामने हड़ताल की जा रही है। उनकी मुख्य मांग है कि होने वाली भर्ती परीक्षा में वाल्मीकि समाज को प्राथमिकता दी जाए। साथ ही भर्ती परीक्षा में वाल्मीकि समाज का आरक्षण तय किया जाए जिसको लेकर वाल्मीकि समाज द्वारा जोबनेर नगर पालिका क्षेत्र में सफाई कार्य ठप कर रखा है। जिसके कारण पूरे नगर पालिका क्षेत्र में चारों तरफ गंदगी फैली हुई है। 


जोया ने केबिनेट मंत्री से वाल्मीकि समाज की हड़ताल के संबंध में भी लिखा पत्र 
एक अन्य पत्र में जोया ने केबिनेट मंत्री को अवगत करवाया कि पिछले कई दिन से लगातार पूरे राजस्थान के साथ जोबनेर में भी वाल्मीकि समाज के सफाई कर्मचारियों द्वारा भर्ती में वाल्मीकि समाज को प्राथमिकता देने व भर्ती में वाल्मीकि समाज को आरक्षण देने व अन्य अन्य मांगों को लेकर हड़ताल की जा रही है। इससे पूरे नगर पालिका क्षेत्र में कचरे का अम्बार लग गया है। सबसे ज्यादा हालत खराब नगर पालिका कार्यालय के सामने सब्जी मंडी में हो रखी है जंहा से कोई व्यक्ति गुजर भी नहीं सकता है यह स्थिति और अधिक खराब होने वाली है जो कि चिंता का विषय है। जोया ने वाल्मीकि समाज कर्मचारियों की समस्याओं पर गौर करने की अपील की है।