आमेर में प्लाईवुड गोदाम में भीषण आग, 15 लाख का सामान जलकर राख

 

शॉर्ट सर्किट से लगी आग की आशंका; दमकल की 12 गाड़ियों ने डेढ़ घंटे में पाया काबू
 जयपुर के आमेर क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक प्लाईवुड गोदाम में भीषण आग लगने से लाखों का नुकसान हो गया। घटना दिल्ली रोड स्थित राई की कोठी इलाके में रात करीब 12:40 बजे की है, जहां आग लगने के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और दूर-दूर तक धुएं का गुबार फैल गया।

आग इतनी तेजी से फैली कि गोदाम में रखा करीब 15 लाख रुपये का प्लाईवुड और अन्य सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 12 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

स्थानीय निवासी मोहन के अनुसार, गोदाम के ऊपर से गुजर रहे बिजली के तारों में पिछले दिन से स्पार्किंग हो रही थी। उनकी पत्नी ने सबसे पहले आग को देखा और उन्हें जगाया, जिसके बाद आसपास के लोगों ने आग बुझाने की कोशिश शुरू की। शुरुआती 15 मिनट तक लोगों ने बाल्टियों और उपलब्ध संसाधनों से आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन आग बेकाबू होती चली गई।

गोदाम मालिक ने बताया कि यह प्लाईवुड इवेंट का स्टोरेज था और पूरा सामान जलकर खाक हो गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।