मणिपुर में फंसे हरियाणा के 16 स्टूडेंट्स:CM मनोहर ने खुद संभाला मोर्चा; वापसी का रूट डिसाइड, रात 11.00 बजे पहुंचेगा पहला बैच

मणिपुर में फंसे हरियाणा के 16 स्टूडेंट्स:CM मनोहर ने खुद संभाला मोर्चा; वापसी का रूट डिसाइड, रात 11.00 बजे पहुंचेगा पहला बैच

 

मणिपुर हिंसा में हरियाणा के 16 स्टूडेंट्स फंसे हुए हैं। सरकार की ओर से अभी तक मिली जानकारी के अनुसार फाइनल लिस्ट तैयार कर ली गई है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने खुद मोर्चा संभाल लिया है। स्टूडेंट्स की वापसी का रूट सीएम ने डिसाइड कर लिया है। अभी तक स्टूडेंट्स को मणिपुर से कोलकाता फिर दिल्ली लाया जाएगा। इसके बाद देर रात स्टूडेंट्स घर आएंगे।

CM मनोहर मणिपुर की हर स्थिति का अपडेट ले रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि छात्रों को जल्द से जल्द लाने के लिए पूरी व्यवस्था करें।

दोनों राज्यों के CMO संपर्क में
हरियाणा के मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारी मणिपुर में मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारियों तथा मुख्य सचिव के साथ निरंतर संपर्क में हैं। हर स्थिति का अपडेट लिया जा रहा है। मणिपुर के मुख्य सचिव ने बताया है कि वहां हरियाणा के सभी छात्र सुरक्षित हैं और उन्हें हर सुविधा प्रदान की जा रही है। किसी भी प्रकार से घबराने की आवश्यकता नहीं है।

न शिक्षण संस्थानों में पढ़ रहे स्टूडेंट्स
जानकारी के मुताबिक हरियाणा के 5 छात्र NIT मणिपुर, 8 छात्र IIIT, मणिपुर और 3 छात्र NSU, मणिपुर में शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। छात्रों को वापस हरियाणा लाने के लिए हर प्रकार की व्यवस्था पर ध्यान दिया जा रहा है। चूंकि, अन्य राज्य भी अपने राज्यों के छात्रों को मणिपुर से निकाल रहे हैं, इसलिए फ्लाइट्स की व्यस्तता व एयर ट्रैफिक के अनुसार हरियाणा सरकार कोलकाता से दिल्ली रूट पर भी विचार कर रही है।

इससे पहले दंगों में फंसे प्रदेश के छात्रों की राज्यसभा सांसद और कांग्रेस नेता दीपेंद्र हुड्‌डा ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी थी। उन्होंने सरकार से मांग की कि छात्रों की सुरक्षित घर वापसी सुनिश्चित की जाए।

रात 11.00 बजे पहुंचेगा पहला बैच

मणिपुर में फंसे स्टूडेंट्स का पहला बैच रात 11:10 पर बजे दिल्ली पहुंच जाएगा। जींद के नरवाला की रहने वाली ऋतु भी पहले बैच में ही पहुंचेगी। दोपहर 2:45 पर इंफाल से रितु की फ्लाइट रवाना हो चुकी है। हरियाणा सरकार की ओर से जानकारी दी गई है पहले बैच की फ्लाइट 11:10 पर दिल्ली पहुंच जाएगी।

सरकार ने दिलाई एयर टिकट

हरियाणा सरकार की ओर से इस पूरे मामले के लिए रविवार को ही संपर्क किया गया था। हरियाणा CMO की ओर से जानकारी दी गई है कि सभी मणिपुर में रह रहे बच्चों को हरियाणा सरकार की तरफ से वापसी की एयर टिकट दिलाई गई है।

यूपी, बिहार के भी फंसे हैं छात्र
मणिपुर में हरियाणा के साथ ही उत्तर प्रदेश, बिहार के छात्र भी फंसे हैं। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी केंद्र सरकार से छात्रों को सुरक्षित निकाले जाने की मांग कर चुके हैं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने आरोप लगाया है कि इस स्थिति के लिए BJP की नफरत और बांटने की राजनीति के साथ सत्ता के लिए उसका लालच जिम्मेदार है। उन्होंने यह भी कहा कि पूर्वोत्तर के इस राज्य में सभी पक्षों को संयम बरतना चाहिए।

मणिपुर में क्यों भड़की हिंसा?
मणिपुर में ऑल इंडिया ट्राइबल स्टूडेंट यूनियन ने बुधवार को ट्राइबल सॉलिडेरटी मार्च बुलाया था। इसी दौरान आदिवासी और गैर-आदिवासी समुदायों में झड़प हो गई। आदिवासी समुदाय उस मांग का विरोध कर रहा था, जिसमें डिमांड की जा रही है कि गैर-आदिवासी मैतेई समुदाय को शेड्यूल ट्राइब (ST) का दर्जा दिया जाए।

इसके बाद से ही मणिपुर में हालात सामान्य नहीं हो पाए हैं। गौरतलब है कि आदिवासी आंदोलन के दौरान हिंसा को लेकर मणिपुर के आठ जिलों में बुधवार को कर्फ्यू लगा दिया गया और पूरे पूर्वोत्तर राज्य में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं निलंबित कर दी गईं।