पंजाब के मुक्तसर में गुरुवार देर रात पटाखा फैक्ट्री में धमाका हो गया। 4 वर्करों की मौत हो गई, एक की हालत गंभीर है। मलबे से 33 लोगों को निकाला गया है। बचाव एवं राहत कार्य जारी है। घायलों को बठिंडा एम्स में भेजा गया है। फैक्ट्री में कुल 40 लोग काम करते थे।
घटना सिंघेवाला गांव में रात 1.30 बजे हुई। यहां काम करने वाले वर्कर अरुण ने बताया कि "हम रात की शिफ्ट के बाद सो रहे थे, तभी अचानक धमाका हुआ और कई लोग मलबे के नीचे दब गए। धमाका इतना जोरदार था कि फैक्ट्री की इमारत का एक बड़ा हिस्सा ढह गया।"
लंबी के डीएसपी जसपाल सिंह ने बताया कि अब तक मलबे से चार शव निकाले जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि फैक्ट्री वैध थी। लाइसेंस भी है। फैक्ट्री रिहायशी इलाके से दूर खेतों में बनाई गई थी। कारणों की जांच की जा रही है।
मुक्तसर के SSP अखिल चौधरी ने कहा कि सुबह पुलिस को सूचना मिली थी। शुरुआती जांच में सामने आया कि यहां दो सेटअप किए हुए थे। एक तरफ पटाखे बनाए जा रहे थे, दूसरी तरफ उन्हें पैक किया जा रहा था। रात को पटाखों में आग लगी और धमाका हुआ। इससे बिल्डिंग गिर गई। तब कुछ वर्कर काम कर रहे थे। स्थानीय लोगों के मुताबिक फैक्ट्री 2 मंजिला थी। पहली मंजिल पर कुछ कमरे बने हुए थे