अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में रक्षा मंत्री..अब राजस्थान में बड़ा दावा   रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दिए संकेत..वन नेशन-वन इलेक्शन होकर रहेगा!

जयपुर/बीकानेर/झुंझुनू। राजस्थान लोकसभा चुनाव को लेकर चुनावी सभाओं का सिलसिला जारी है। रविवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने भी प्रदेश का दौरा किया। राजनाथ सिंह ने बीकानेर और झुंझुनू में जनसभा की। इस दौरान रक्षामंत्री ने कांग्रेस पर करारा हमला बोला। रक्षामंत्री ने 12 बजे बीकानेर में लोकसभा प्रत्याशी अर्जुन राम मेघवाल के लिए वोट की अपील की। इसके बाद दोपहर 2.30 बजे पिलानी में झुंझुनूं से लोकसभा प्रत्याशी शुभकरण चौधरी के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। रक्षामंत्री ने कांग्रेस राज पर हमला करते हुए कहा कि एक वो समय था जब देश को विदेशों से हथियार खरीदने पड़ते थे। वहीं, आज एक नया भारत आपके सामने है। अब भारत खुद हथियार बना रहा है। कोलायत में भाजपा प्रत्याशी अर्जुनराम मेघवाल के समर्थन में जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि नये भारत के साथ-साथ राजस्थान की पहचान भी बदल गई है। अब घड़े पर घड़ा रखकर जाती महिला से राजस्थान की पहचान नहीं होगी। अब हम सर्जिकल स्ट्राइक करते हैं, एयर स्ट्राइक करते हैं। ये आधुनिक और समर्थ भारत है, जिसे दुनिया देख रही है। जनसभा के बाद रक्षामंत्री ने जयपुर में प्रेसवार्ता भी की। इस दौरान उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत 5वीं अर्थव्यवस्था बन गया है। अब अन्य देश भी मानने लगे हैं कि भारत 2027 तक दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। रक्षा मंत्री ने कहा कि देश का भविष्य उज्ज्वल है। प्रधानमंत्री मोदी दूर तक सोचते हैं।


बोले-राजनाथ सिंह-अब देश में एक ही चुनाव होने चाहिए
रक्षामंत्र ने इस दौरान देश में एक चुनाव की बात भी उठाई। उन्होंने कहा कि देश में अब देश में एक ही चुनाव होने चाहिए। इससे देश के धन और संसाधनों की बचत होगी। कांग्रेस की तो आदत है हर बात का विरोध करने की। मजाक उड़ाने की। प्रधानमंत्री ने पहल की है कि एक देश में एक चुनाव हों। इसके लिए पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की अध्यक्षता में एक कमेटी बनाई गई। ये कमेटी अपनी रिपोर्ट वर्तमान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को सौंप चुकी है। कांग्रेस तो विरोध करती है और करती रहेगी।  कांग्रेस तो राम मंदिर को लेकर भी मजाक बनाती थी। कहती थी कि ‘मंदिर वहीं बनाएंगे, पर तारीख नहीं बताएंगे’, अब क्या... अब तो हमने राम मंदिर भी बना दिया है।

यूपी के सीएम भी राजस्थान के रण में उतरे, कांग्रेस के खिलाफ खोला मोर्चा
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को राजस्थान की चुनावी सभा में पहुंचे। उनकी पहली जनसभा भरतपुर लोकसभा क्षेत्र में हुई। यहां से पूर्व सांसद व भाजपा उम्मीदवार रामस्वरूप कोली के लिए वोट की अपील करते हुए कहा कि ‘अबकी बार 400 पार’ के लिए रामस्वरूप कोली को भी विजयी बनाना होगा। सीएम योगी आदित्यनाथ ने केंद्र की मोदी व राज्य की भजनलाल सरकार के कार्यों के बलबूते भाजपा के पक्ष में मतदान का आग्रह किया तो वहीं कांग्रेस को निशाने पर रखा। साथ ही राजस्थान विधानसभा चुनाव में कमल खिलाने के लिए राजस्थान वासियों के प्रति आभार जताया। कांग्रेस मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निशाने पर रही। उन्होंने कहा कि एक तरफ ‘द गार्डियन’ की रिपोर्ट कहती है कि पाकिस्तान के अंदर चुन-चुन कर आतंकवादी मारे जा रहे हैं। दुनिया आतंकवाद को बोझ मान रही है। समाज के बोझ यह आतंकवादी मारे ही जाने चाहिए। यह सबकी सुरक्षा के लिए खतरा हैं, लेकिन कांग्रेस अपनी सरकार के समय गरीबों को भूखे मारती थी और आतंकवादियों को बिरयानी खिलाती थी। वहीं मोदी जी चार साल से 80 करोड़ गरीबों को फ्री राशन की सुविधा दे रहे हैं। केंद्र सरकार किसानों, गरीबों, महिलाओं, युवाओं को ध्यान में रखकर अपनी योजनाओं को बनाते हुए कार्य कर रही है। योगी ने कहा कि नया भारत अपने नागरिकों व सीमाओं की सुरक्षा करना जानता है। राजस्थान के लोग सिर्फ राम-राम सा ही नहीं करते, बल्कि सीमा की सुरक्षा में सेंध लगाने आतंकियों का राम नाम सत्य भी कर देते हैं। पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत के नागरिकों का दुनिया में सम्मान बढ़ा है। नक्सलवाद, उग्रवाद व आतंकवाद समाप्त हुआ है। 1952 में देश को धारा-370 का दंश देने वाली कांग्रेस के इस फैसले को पीएम मोदी व गृह मंत्री अमित शाह ने सदैव के लिए समाप्त कर दिया।

कांग्रेस के समय नीति, नेता व निर्णय नहीं हो पाते थे: योगी आदित्यनाथ
यूपर सीएम ने कहा कि कांग्रेस की नीयत साफ नहीं थी। इनके समय नीति, नेता और निर्णय नहीं हो पाते थे पर मोदी सरकार में बनी योजनाओं का कोई सानी नहीं है। सीएम ने केंद्र सरकार के विकास कार्यों को भी गिनाते हुए कहा, भाजपा शासन में सुरक्षा, समृद्धि और विकास हो रहा है। कांग्रेस के लोग अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण नहीं करा पाते। वे कहते थे कि राम हुए ही नहीं। भरतपुर के बगल में मथुरा, वृंदावन, गोकुल, बरसाना, नंदगांव, गोवर्धन है, फिर भी कांग्रेस के लोग कहते हैं कि कृष्ण हुए ही नहीं। कांग्रेसी हमारे इतिहास व विरासत पर प्रश्न खड़ा करते हैं।

Most Read