वनस्पति बीज बैंक राज्य स्तरीय कार्यशाला का आयोजन, शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने किया मृदा विज्ञान एवं कृषि रसायन विभाग के नवीन भवन का लोकार्पण, कहा-राज्य के चारागाह समृद्ध होंगे और पशुधन पोषण को मिलेगा बल
जयपुर। कृषि अनुसंधान संस्थान, दुर्गापुरा, जयपुर में विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर वनस्पति बीज बैंक की राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित हुई। कार्यक्रम में शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि राज्य के 150 पंचायत क्षेत्रों में वनस्पति बीज बैंकों की स्थापना की जाएगी, जिसके माध्यम से स्थानीय वनस्पति एवं घास प्रजातियों का संरक्षण, संग्रहण और संवर्धन किया जाएगा। इससे राज्य के चारागाह समृद्ध होंगे और पशुधन पोषण को बल मिलेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सतत कृषि, पर्यावरण संतुलन तथा पारंपरिक ज्ञान को आधुनिक कृषि प्रणाली से जोडऩे के लिए प्रतिबद्ध है। दिलावर ने प्रकृति अनुकूल जीवनशैली अपनाने तथा जल, जंगल और जमीन के संरक्षण में सहभागी बनने का आह्वान किया। उन्होंने पानी की कमी को दूर करने के लिए तालाब, कुण्ड सुरक्षित रखने और ज्यादा से ज्यादा पेड़-पौधे लगाने पर जोर दिया। उन्होंने पॉलिथीन उपयोग न करने की भी अपील की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे श्री कर्ण नरेन्द्र सिंह कृषि विश्वविद्यालय, जोबनेर के कुलपति प्रो. बलराज सिंह ने जलवायु परिवर्तन, भूमि क्षरण और जैव विविधता में हो रही कमी की पृष्ठभूमि में ऐसे कार्यक्रमों को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। मुहम्मद जुनैद, निदेशक, जलग्रहण विकास एवं भू-संरक्षण विभाग ने चारागाह विकास एवं जलग्रहण क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी तथा राज्य सरकार की पहल की सराहना की। डॉ. सुनील दाधीच, विभागाध्यक्ष, मृदा विज्ञान एवं विशेषाधिकारी ने स्वागत भाषण में कहा कि यह आयोजन विकसित चारागाह-समृद्ध राजस्थान की संकल्पना को मूर्त रूप देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है। डॉ. हरफूल सिंह, निदेशक, राजस्थान कृषि अनुसंधान संस्थान, दुर्गापुरा ने संस्थान की गतिविधियों, भवन नवीनीकरण तथा वनस्पति बीज बैंक की कार्ययोजना पर प्रकाश डाला। शांतनु सिन्हा रॉय, राज्य प्रमुख फाउंडेशन फॉर इकोलॉजिकल सिक्योरिटी (एफईएस) ने भी उपयोगी सुझाव और विचार प्रस्तुत किए। आनंद सिंह, अतिरिक्त निदेशक जलग्रहण विकास एवं भू-संरक्षण विभाग ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। इस अवसर पर राज्यभर से आए कृषि वैज्ञानिक, अधिकारी, पंचायती राज प्रतिनिधि, एनजीओ प्रतिनिधि, शोधार्थी, बीज गुणी एवं किसानगण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
मृदा विज्ञान एवं कृषि रसायन विभाग के नवीनीकृत भवन का किया लोकार्पण
शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने राजस्थान कृषि अनुसंधान संस्थान, दुर्गापुरा स्थित मृदा विज्ञान एवं कृषि रसायन विभाग के नवीनीकृत भवन का लोकार्पण भी किया। कार्यशाला के दौरान बीज बैंक प्रदर्शनी में महिला स्वयं सहायता समूह और ग्रामीण किसान संगठनों ने अपने-अपने स्तर पर संरक्षित देसी बीजों से जैविक खेती के मॉडल और बीज वितरण प्रणाली का प्रदर्शन किया। दिलावर ने प्रत्येक स्टॉल पर जाकर विस्तार से जानकारी ली और किसानों से संवाद किया।
चारागाह विकास के लिए भंवरलाल खटीक का किया सम्मान
शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने मांडलगढ,़ भीलवाड़ा जिले के वरुधनी गांव के भंवरलाल खटीक द्वारा चारागाह भूमि विकास एवं वनस्पति संरक्षण के लिए अदभुत एवं प्रशंसनीय कार्य करने के लिए सम्मानित किया । भंवर लाल खटीक ने पिछले 35 साल के अनवरत एवं अथक परिश्रम से 200 हेक्टेयर क्षेत्र में अपने निजी प्रयासों से चारागाह विकसित किया है, जो पर्यावरण और पशुधन संरक्षण के लिए वरदान है।