दिल्ली-जयपुर हाईवे पर भीषण तांडव: केमिकल टैंकर और ट्रेलर की भिड़ंत के बाद 1 KM तक फैली आग, मची अफरा-तफरी |
दिल्ली-जयपुर नेशनल हाईवे (NH-48) पर रविवार रात उस वक्त मौत का मंजर दिखाई दिया, जब कोटपूतली के पावटा इलाके में एक केमिकल से भरा टैंकर अनियंत्रित होकर डिवाइडर फांदते हुए सामने से आ रहे ट्रेलर (ट्रोले) से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टैंकर सड़क पर ही पलट गया और उसमें भरा अत्यधिक ज्वलनशील केमिकल पूरी सड़क पर फैल गया।
आग का दरिया बना हाईवे: केमिकल में संपर्क होते ही भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और सड़क के साथ-साथ पास के नालों में बहते केमिकल के कारण आग 1 किलोमीटर के दायरे में फैल गई। दूर-दूर तक आसमान में काले धुएं का गुबार और आग की लपटें देखी गईं, जिससे स्थानीय निवासियों और राहगीरों में दहशत फैल गई।
बाल-बाल बचे चालक: गनीमत रही कि जैसे ही भिड़ंत हुई, दोनों वाहनों के चालकों ने सूझबूझ दिखाई और वाहनों से कूदकर अपनी जान बचा ली। हालांकि, आग इतनी तेज थी कि दमकल कर्मियों के पहुंचने से पहले ही दोनों गाड़ियां लोहे के ढांचे में तब्दील हो गईं।
प्रशासनिक कार्रवाई और ट्रैफिक जाम: हादसे की सूचना मिलते ही प्रागपुरा थाना पुलिस, जिला कलेक्टर और एसपी भारी जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। कोटपूतली, बहरोड़, शाहपुरा और नीमराणा से दमकल की आधा दर्जन से अधिक गाड़ियां बुलाई गईं। सुरक्षा के लिहाज से हाईवे पर ट्रैफिक को पूरी तरह रोक दिया गया, जिससे लगभग 10-12 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने वाहनों को वैकल्पिक रास्तों (Divert) पर भेजकर स्थिति को संभालने की कोशिश की।
: