कैलाश चंद मीणा होंगे आरपीएससी के कार्यवाहक अध्यक्ष, आदेश जारी

जयपुर। कार्मिक विभाग ने आदेश जारी कैलाश चन्द मीणा को आरपीएससी कार्यवाहक अध्यक्ष नियुक्त किया है। कार्मिक विभाग के संयुक्त शासन सचिव दिनेश कुमार शर्मा ने ये आदेश जारी किए हैं। मीणा स्वायत्त शासन विभाग में सचिव रह चुके हैं। 9 अक्टूबर 2023 को उन्होंने आरपीएससी सदस्य के रूप में पदभार ग्रहण किया था। 8 जुलाई 2026 को मीणा का कार्यकाल पूरा होगा। मीणा राजनीतिक विज्ञान में पीजी हैं। बता दें कि आयोग अध्यक्ष पद पर संजय श्रोत्रिय का कार्यकाल 1 अगस्त को समाप्त हो गया था। आयोग की वेबसाइट से उसी दिन शाम को ही उनका फोटो हटा दिया गया था। उम्मीद जताई जा रही थी कि राजभवन से आयोग अध्यक्ष और एक सदस्य के नाम की घोषणा हो जाएगी। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। इससे पहले जब डॉ. भूपेन्द्र यादव 1 दिसम्बर 2021 को सेवानिवृत्त हुए। इसके बाद आयोग सदस्य डॉ. शिव सिंह राठौड़ 2 दिसम्बर 2021 से 29 जनवरी 2022 तक और डॉ. जसवंत सिंह राठी 1 फरवरी 2022 से 16 फरवरी 2022 तक कार्यवाहक अध्यक्ष रहे थे। इसके बाद सरकार ने संजय श्रोत्रिय को अध्यक्ष नियुक्त किया।