कम मतदान का किसे होगा फायदा और किसे नुकसान..पीएम मोदी बोले-जनता ने कांग्रेस को सिखाया सबक!

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रदेश में की दो चुनावी सभाएं, जालोर और बांसवाड़ा में गठबंधन और कांग्रेस पर साधा निशाना, कहा-प्रथम चरण में आधे राजस्थान ने सिखाया सबक

जालौर/बांसवाड़ा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का तूफानी चुनावी प्रचार जोरों पर है और राजस्थान पर इस बार विशेष फोकस है। इसी क्रम में रविवार को प्रधानमंत्री ने जालौर लोकसभा सीट पर बांसवाड़ा में चुनावी सभाओं को संबोधित किया। पहले चरण के चुनाव के बाद हालांकि प्रदेश में कम मतदान हुआ लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ‘राजस्थान में पहले चरण के चुनाव में आधे राजस्थान ने कांग्रेस को बराबर सजा दी है। उनको बराबर सबक सिखाया है।’ मोदी ने कहा कि, आज विपक्षी गठबंधन के दल देश में 25 फीसदी सीटों पर एक दुसरे के खिलाफ लड़ रहे हैं। अगर चुनाव से पहले यह हालत है, तो चुनाव के बाद क्या होगा। सभा को संबोधित करते हुए पीएम ने कहा कि जिन लोगों को घर नहीं मिले उनको तीसरी बार सरकार बनते ही हम उन्हें घर देंगे। हम अगली सरकार में 3 करोड़ घर बनाएंगे, यह मोदी की गारंटी है। मोदी ने कहा कि, राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत राजस्थान यह जानता है कि कांग्रेस कभी भी मजबूत भारत नहीं बना सकती। आज कांग्रेस पार्टी की जो हालत हुई है उसकी जिम्मेदार वह खुद है। कांग्रेस पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा, कांग्रेस ने परिवारवाद व भ्रष्टाचार का दीमक फैलाकर देश को खोखला कर दिया और उसके इन्हीं पापों की सजा आज देश कांग्रेस को दे रहा है। उन्होंने कहा कि, राजस्थान में 5 वर्ष तक जो कांग्रेस की सरकार थी उसने पानी की योजना में भी घोटाला किया। हम हर घर पानी पहुंचाने का काम कर रहे हैं। कांग्रेस की कभी नियत नहीं रही की यहां के किसानों को यहां के लोगों को पानी मिले।


आज कांग्रेस की जो हालत है उनकी गुनहगार वह खुद है: पीएम
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज कांग्रेस की हालत है उनकी गुनहगार वह खुद है। जिस पार्टी ने 400 सीट जीती थी वो पार्टी आज 300 सीट पर चुनाव नहीं लड़ पा रहे हैं। आज कांग्रेस को उम्मीदवार भी नहीं मिल पा रहे हैं। इंडी गठबंधन की पतंग उडऩे से पहले ही कट गई है। गठबंधन वाले आपस में लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि गुजरात में मुख्यमंत्री रहते राजस्थान में नर्मदा का पानी पहुंचाने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। साथ ही कहा कि लुम्बाराम चौधरी तपस्वी आदमी है, जीवन खपाने वाले व्यक्ति है। अब प्रदेश के सारे प्रोजेक्ट मुख्यमंत्री के साथ मिलकर पूरे करेंगे। उन्होंने खुद के अंदाज में कहा कि मेरा एक व्यक्तिगत काम करना, यहां सभा में आया हर व्यक्ति घर घर जाकर कहे कि मोदीजी आए थे, राम राम कहा है और 26 अप्रैल को अधिक से अधिक वोट देकर लुम्बाराम जी को संसद में मेरे साथ बैठने के लिए भेजना है।


राहुल गांधी पर ली चुटकी, परिवारवाद और गठबंधन पर किया हमला
मोदी ने कहा कि पूर्व की यूपीए सरकार में कैबिनेट के अध्यादेश को उनकी पार्टी के एक नेता बड़े रौब से फाडक़र फेंक देता है, ऐसी दुर्बलता देश को मजबूत नहीं बना सकती। साथ ही सोनिया गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव के डर से मैदान फांदकर राजस्थान से राज्यसभा में आना मजबूरी हो गई है। साथ ही कहा कि कांग्रेस ने अवसरवादी इंडी गठबंधन किया है, जहां इस लोकसभा चुनाव में 25 फीसदी आपस में एक दूसरे के खिलाफ लड़ रहे हैं। ऐसे में चुनाव के बाद लूट के लिए कितने लड़ेंगे कल्पना कीजिए। क्या ऐसे लोगों को इतना बड़ा देश सुपुर्द कर सकते है क्या। मोदी ने कहा कि घर की गाड़ी भी एरे गेरे को नहीं देते, देश कैसे दे सकते हैं।