तीन लड़कियों की डूबने से मौत, लोग बहे

अजमेर में दो दिन तेज बरसात से जलभराव के हालात है। दरगाह क्षेत्र में भरे पानी में तो लोग ही बहने लगे। दुकानों के बाहर खड़े लोगों ने रस्सी फेंककर उन्हें बचाया। वहीं किशनगढ़ के पास ऊंटड़ा गांव में तीन लड़कियों की नाडे में डूबने से मौत हो गई। एक लड़की बच गई, जिसका इलाज जारी है।  बरसात से शहर के मुख्य मार्ग और गली मोहल्लों में पानी भरा है। केरियों की ढाणी में करीब 20 घरों के अंदर पानी घुस गया। वहीं आनासागर झील की भराव क्षमता 13 फीट है। वर्तमान में जलस्तर 15 फीट 11 इंच है। पानी की लगातार आवक हो रही है।  अजमेर की वरूण सागर झील की चादर भी चलने लगी है। रात आठ बजे से सुबह सात बजे तक 64 एमएम बरसात दर्ज की गई है। वैशाली नगर सागर विहार कॉलोनी में भरा पानी लोगों के लिए मुसीबत बन गया है।  आनासागर से पानी की निकासी लगातार की जा रही है। पानी की निकासी के चलते बजरंगगढ़ से फव्वारा सर्कल के बीच मार्ग पूरी तरह से बंद कर दिया गया। ऐसे में 500 मीटर की दूरी तय करने के लिए लोगों को करीब 2 किलोमीटर का चक्कर लगाना पड़ रहा है।  कलेक्टर लोकबंधु सहित अफसरों ने रात को भी क्षेत्रों का दौरा किया। सुबह से क्षेत्र में जायजा ले रहे हैं। शहर में सिविल डिफेंस और एसडीआरएफ को भी तैनात किया गया है।