नुक्कड़ सभाओं के सहारे वैभव जुटा रहे समर्थन, बोले- साढ़े तीन महीने में भाजपा सरकार ने किया जनता का हाल बेहाल.....

जालोर । जालोर लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी वैभव गहलोत मंगलवार को लगातार दूसरे दिन जालोर विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने मांडवला, निम्बलाना, ऐलाना, उम्मेदाबाद, ओटवाला सहित 20 से अधिक गांवों की जनता से संवाद किया। वैभव के जनसंपर्क के दौरान भारी संख्या में आमजन की उपस्थिति नुक्कड़ सभाओं और चौपालों पर नजर आई। इस अवसर पर वैभव ने कहा कि आपने 20 साल भाजपा के सांसदों पर भरोसा करके देख लिया। कोई काम नहीं हुआ। अब आप कांग्रेस पार्टी और वैभव गहलोत पर भरोसा करके देखो। यह वैभव गहलोत हर सुख-दुख में साथ खड़ा नजर आएगा और क्षेत्र के विकास में अपनी पूरी जान लगा देगा।

उन्होंने जनता से वोट देने की अपील करते हुए कहा कि 4 अप्रैल को वे नामांकन फार्म भरने जाएंगे और इस मौके पर जनता जर्नादन को उनका पूरा साथ देना है। उन्होंने सर्वसमाज से बड़ी संख्या में नामांकन रैली में शामिल होने का निवेदन किया। वैभव गहलोत 3 अप्रैल को सांचौर के होथीगांव, शिवपुरा, डेडवा, पथमेड़ा, गोलासन, पीर की जाल सहित 20 से अधिक गांवों के लोगों से संवाद करेंगे।

 

देवदर्शन कर जालोरवासियों की खुशहाली की कामना की

 

वैभव ने जनसंपर्क के दौरान बाबा रामदेव मंदिर, बाण माता, गोल मठ सिलेश्वर महादेव के दर्शन किए और प्रदेशवासियों की खुशहाली की कामना की। उन्होंने भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए कार्यकर्ताओं का भी सम्मान किया। इस अवसर पर सर्वसमाज के ग्रामीणों ने जेसीबी से पुष्पवर्षा कर वैभव का भव्य स्वागत किया। बड़ी संख्या में जुटे लोग साफा पहना कर वैभव का सम्मान करने के लिए उत्साहित नजर आए। जनसंपर्क के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष भंवरलाल मेघवाल, रमीला मेघवाल, हेम सिंह शेखावत, शैतान सिंह, सोहनलाल गर्ग, भौमाराम, दीपक मेघवाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता नजर आए।

 

साढ़े तीन महीने में ही भाजपा ने जनता की हालत खराब कर दी

 

वैभव गहलोत ने कहा कि भाजपा ने साढ़े तीन महीनों में ही कांग्रेस सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को बंद कर जनता की हालत खराब कर दी। अब आम जनता को न तो चिरंजीवी योजना में मुफ्त इलाज मिल रहा है और न ही मुफ्त भोजन सामग्री। युवा मित्रों को बेरोजगार कर दिया। डीजल-पेट्रोल की ऊंची दरों से जनता परेशानी है। भाजपा की सरकार आमजन को महंगाई से राहत दिलाने के लिए कुछ भी नहीं कर रही है। कांग्रेस सरकार ने बच्चों के लिए अंग्रेजी माध्यम के स्कूल खोले, वह भाजपा ने बंद कर दिए। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल वादे करना जानती है, विकास के काम नहीं। उनका सारा ध्यान धर्म की राजनीति पर है, विकास की राजनीति पर नहीं।

वैभव ने कहा कि जनता विकास चाहती है, लेकिन 20 साल में जालोर-सिरोही लोकसभा क्षेत्र में कोई विकास नहीं होने के जनता नाराज है। उन्होंने कहा कि किसी भी आमजन से पूछ लो, भाजपा सांसद ने क्या कराया, आपको पता लग जाएगा कि जनता जनार्दन कितने गुस्से में है।