शहर की समस्याओं को लेकर चामुंडा माता मंदिर प्रांगण में  बैठक आयोजित

जालोर। जिला मुख्यालय पर शुक्रवार को शहर के चामुंडा माता मंदिर प्रांगण पर जालौर शहर की समस्याओं को लेकर वासियों की तरफ से एक बैठक का आयोजन किया गया। कैट राष्ट्रीय व्यापार संगठन जिलाध्यक्ष प्रवीण खंडेलवाल ने बताया कि आयोजित बैठक में उपस्थित सभी महानुभावों ने शहर की समस्याओं के बारे में बैठक को अवगत करवाया।बैठक में शहर की समस्याओं के बारे में सभी ने जानकारी साझा की, जिसमें शहर की सड़कों की समस्या, आवारा पशुओं की समस्या, शहर की पार्किंग व्यवस्था, शहर की यातायात व्यवस्था, शहर को पेयजल के नाम से जो खारा पानी पिलाया जा रहा है वह समस्या। बैठक में शहर को राजनीति से अलग कैसे रखा जाए इसके बारे में विस्तृत चर्चा हुई। जानकारों ने तो यह भी बताया कि हर बार नगर परिषद के चुनाव में राजनीतिक पार्टियों टिकट का व्यापार करती हैं। बैठक में संगठन के नाम पर भी विस्तृत चर्चा करने के बाद सर्वसम्मति से संगठन का नाम जालौर नव निर्माण संघ रखा गया। उक्त नाम पर सभी उपस्थित शहर वासियों ने सहमति दी। बैठक में संगठन को राजनीति से दूर रखने पर भी उपस्थित शहर वासियों ने सहमति दी। संगठन का मुख्य उद्देश्य शहर का विकास रहेगा। शहर को हरा भरा करने के लिए भी यह संगठन कार्य करेगा। शहर की छोटी-छोटी समस्याएं हैं उनसे भी नगर परिषद प्रशासन को अवगत करवा कर उसका समाधान करने की पूरी कोशिश की जाएगी। बैठक के अंत में उपस्थित सभी शहर वासियों ने मां चामुंडा की जय घोष के साथ शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए एक झूठ होकर कार्य करने की शपथ ली।