सावधान..आतंक का खतरा अब ज्यादा दूर नहीं ‘राजस्थान में अलकायदा की एंट्री’..भिवाड़ी से 6 संदिग्ध हुए गिरफ्ततार

हथियार चलाने की ट्रेनिंग ले रहे थे संदिग्ध आतंकी, दिल्ली एटीएस और राजस्थान पुलिस का संयुक्त एक्शन, दी जा रही थी हथियारों की टे्रनिंग

भिवाड़ी के घने जंगलों में चलाया गया सर्च ऑपरेशन, बड़ी वारदात को अंजाम देने की थी तैयारी, दो अन्य राज्यों में दी गई दबिश; कुल 14 आतंकी धर दबोचे

जयपुर/भिवाड़ी। आतंकी संगठन अल कायदा के तार राजस्थान से भी जुड़ गए हैं। गुरुवार को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने अलकायदा से जुड़े संदिग्धों के ठिकानों पर छापेमारी की है। यह कार्रवाई राजस्थान के भिवाड़ी जिले में की गई। पुलिस ने छह संदिग्धों को हिरासत में लिया है। इन पर अलग से आतंकी गुट बनाकर लोगों को ट्रेनिंग देने का आरोप है। बता दें कि भिवाड़ी के चौपानकी क्षेत्र में यह छापेमारी हुई। दिल्ली पुलिस की टीम को यहां अलकायदा से जुड़े लोगों के होने की सूचना मिली थी। टीम ने भिवाड़ी के घने जंगलों में सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान आसपास के लोगों को दूर रखा गया। दरअसल, दिल्ली पुलिस ने उत्तर प्रदेश, राजस्थान और झारखंड में एटीएस के साथ मिलकर कई शहरों में छापेमारी की है। ऑपरेशन में अलकायदा से प्रेरित एक मॉड्यूल (अलकायदा इन इंडियन सब कॉन्टिनेंट) का खुलासा हुआ। तीन राज्यों से अब तक कुल 14 संदिग्धों को पकड़ा गया है। शुरुआती जांच के मुताबिक इस मॉड्यूल का संचालन रांची का डॉ. इश्तियाक कर रहा था। वह देश के विभिन्न इलाकों में बड़ी आतंकवादी गतिविधियों को अंजाम देने की फिराक में जुटा था। मॉड्यूल के सदस्यों को अलग-अलग स्थानों पर हथियार चलाने की ट्रेनिंग भी दी गई थी।
    

इंडस्ट्रियल एरिया में रह रहे थे संदिग्ध, जल्द होगा आरोपियों की पहचान का खुलासा
दिल्ली पुलिस को भिवाड़ी में आतंकी गतिविधि की जानकारी मिली थी।चौपानकी के इंडस्ट्रियल एरिया में दबिश दी गई। जहां सभी छह संदिग्ध एक साथ रहे थे। भिवाड़ी पुलिस को भी इस ऑपरेशन की पहले से जानकारी थी। दावा किया जा रहा है कि लोकल पुलिस पहले से आरोपियों पर नजर रख रही थी। आरोपियों की पहचान का खुलासा अभी नहीं हुआ है। हालांकि, इनके तार झारखंड में पकड़े गए आरोपियों से जुड़े हो सकते हैं।


आतंकियों से हथियार भी बरामद, सभी आरोपी अन्य राज्यों के 
भिवाड़ी दौरे पर आए जयपुर रेंज आईजी अनिल कुमार टांक ने बताया कि दिल्ली पुलिस की स्पेशल टीम ने गुरुवार सुबह चौपानकी थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए छह लोगों को गिरफ्तार किया है। एटीएस ने भिवाड़ी पुलिस से फोर्स मांगी थी, जो उपलब्ध कराई गई। पूरी कार्रवाई दिल्ली स्पेशल पुलिस की थी, जो उन्हें गिरफ्तार कर सीधा दिल्ली ले गई। उनसे हथियार बरामद किए गए हैं। सभी दूसरे राज्यों के रहने वाले हैं। उनका भिवाड़ी से कोई संबंध नहीं है।


कई राज्यों में हुआ एक्शन, राजस्थान से 6, यूपी-झारखंड से 8 हिरासत में
दिल्ली पुलिस ने तीनों राज्यों की पुलिस के साथ मिलकर इन राज्यों में जगह-जगह छापेमारी की। झारखंड के 3 जिले लोहरदगा, हजारीबाग और रांची के 14 स्थानों पर रेड डाली गई। इन जगहों पर आतंकी मॉड्यूल के सदस्यों को हथियारों की ट्रेनिंग दी जा रही थी। राजस्थान के भिवाड़ी से 6, जबकि झारखंड और उत्तर प्रदेश से 8 लोगों को हिरासत में लिया गया। दिल्ली पुलिस ने दावा किया है कि झारखंड में अल कायदा कई जिलों में नेटवर्क खड़ा कर रहा है। यह कन्फर्म होते ही बुधवार देर रात झारखंड में अधिकारियों की बैठक हुई। इसके बाद इस इन्फॉर्मेशन को एटीएस के साथ साझा किया गया। देर रात ही टीम ने रेड डाली।