भाजपा प्रदेशाध्यक्ष राठौड़ के सामने बवाल..कार्यकर्ताओं ने जमकर चलाए ‘लात-घूंसें’!

अल्पसंख्यक मोर्चा की बैठक के दौरान दो कार्यकर्ताओं के बीच हुई हाथापाई, मंच पर चढऩे से रोकने पर हुआ विवाद, देर शाम हुआ एक्शन; प्रदेश महामंत्री को पद से हटाया

जयपुर। भाजपा के राजधानी स्थित मुख्यालय में गुरुवार को उस समय माहौल गरमा गया, जब अल्पसंख्यक मोर्चा की एक बैठक के दौरान दो कार्यकर्ताओं के बीच हाथापाई हो गई। इस घटना के दौरान पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ भी मौजूद थे। बताया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत स्वागत को लेकर हुई असहमति से हुई, जो देखते ही देखते लात-घूंसों तक पहुंच गई। दरअसल, बैठक में मौजूद अन्य कार्यकर्ताओं ने स्थिति को संभालने की पूरी कोशिश की और दोनों पक्षों को अलग करने का प्रयास किया। सूत्रों का कहना है कि यह विवाद तब शुरू हुआ, जब एक कार्यकर्ता ने दूसरे पर स्वागत में लापरवाही का आरोप लगाया, जिसके बाद बात बढ़ती चली गई। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने मामले को शांत कराने की कोशिश भी की, लेकिन कार्यकर्ताओं के बीच विवाद चलता रहा। मौके पर मौजूद अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने दोनों को अलग किया। मामले को लेकर देर शाम अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष हमीद खान मेवाती ने मोर्चा के महामंत्री जावेद कुरैशी को पद से हटा दिया। घटना उस समय हुई, जब भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा की बैठक शुरू होने वाली थी। प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ बैठक में पहुंचे थे। अल्पसंख्यक मोर्चा के पूर्व उपाध्यक्ष रहे फरीदुद्दीन जैकी प्रदेशाध्यक्ष को मंच तक लेकर आए। वह मंच पर चढऩे लगे तो उन्हें मोर्चा के महामंत्री जावेद कुरैशी ने रोक दिया। इस पर जैकी ने जावेद को थप्पड़ जड़ दिया। थप्पड़ लगते ही जावेद ने भी जैकी को थप्पड़ मार दिया। उसके बाद दोनों अध्यक्ष के सामने ही भिड़ गए। करीब 30 से 40 सेकेंड तक दोनों लड़ते रहे। उसके बाद बीजेपी के अन्य पदाधिकारी ने दोनों का अलग किया।


कार्यकर्ताओं में जमकर हुई थप्पड़बाजी, बड़ी मुश्किल से किया गया अलग
बता दें, गुरुवार को बीजेपी मुख्यालय में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा की बैठक थी। जैसे ही बैठक शुरू हुई, उस समय अल्पसंख्यक मोर्चा के कार्यकर्ता जैकी प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ को मंच तक लेकर आए। जैसे ही वह मंच पर चढऩे लगे तो उन्हें मोर्चे के प्रदेश महामंत्री जावेद कुरैशी ने रोका, इस पर जैकी ने जावेद को थप्पड़ जड़ दिया। इसके बाद दोनों अध्यक्ष के सामने ही भिड़ गए। फिर बीजेपी के अन्य पदाधिकारियों ने बीच-बचाव कर दोनों को अलग किया। प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने भी स्थिति को शांत करने का प्रयास किया, लेकिन विवाद जारी रहा। मामला बिगड़ता देख पार्टी नेतृत्व ने दोनों को शांत करवाया।

प्रदेशाध्यक्ष ने लिया बड़ा फैसला, जावेद कुरैशी को पद से हटाया गया
इधर, इस घटना के तुरंत बाद भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष हमीद खान मेवाती ने कड़ा कदम उठाते हुए जावेद कुरैशी को उनके पद से हटा दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश कार्यालय में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारी बैठक में आपके द्वारा हाथापाई एवं मारपीट की गई जो कि पार्टी के संविधान अनुसार अनुशासनहीनता में आता है। इसलिए आपको भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा प्रदेश महामंत्री के पद से तुरन्त प्रभाव से पदमुक्त किया जाता है। हंगामे के दौरान बीजेपी अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष हमीद खान मेवाती, बीजेपी अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, जिलाध्यक्ष एवं जिला महामंत्रियों के साथ ही मुख्य अतिथि के तौर पर बीजेपी के नव निर्वाचित प्रदेशाध्यक्ष और राज्यसभा सांसद मदन राठौड़ मौजूद थे।