ईडी के खिलाफ ‘कांग्रेस का हल्ला बोल’..जयपुर में बड़ा प्रदर्शन; निशाने पर सरकार!

नेशनल हेराल्ड मामला में सोनिया-राहुल के खिलाफ चार्जशीट पर भडक़ी कांग्रेस, ईडी दफ्तर के बार किया प्रदर्शन; कई वरिष्ठ नेताओं ने की शिरकत

डोटासरा बोले- हमने गांधीवादी तरीके से सरकार चलाई, कार्रवाई करते तो कई भाजपा नेता जेल में होते, नेता प्रतिपक्ष ने कहा-एजेंसी का दुरुपयोग कर रही है मोदी सरकार


जयपुर। नेशनल हेराल्ड मामले में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की ओर से पेश की गई चार्जशीट को लेकर कांग्रेस ने बुधवार को देशभर में सडक़ों पर हल्ला बोला। जयपुर में भी कांग्रेस नेताओं ने ज्योति नगर स्थित ईडी कार्यालय के बाहर धरना देते हुए केंद्र की मोदी सरकार और भाजपा पर जमकर हमले बोले। नेताओं ने इस कार्रवाई के विरोध में आगे भी सडक़ों पर उतरने के लिए कार्यकर्ताओं को आह्वान किया। धरने में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, टीकाराम जूली सहित कई विधायक और पार्टी पदाधिकारी भी मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने पूर्ववर्ती अपनी ही सरकार पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि हमारी सरकार ने गांधीवादी तरीके से सरकार चलाई। हम भी ऐसे ही कार्रवाई करते तो भाजपा के कई नेता जेल में होते। उन्होंने कहा कि मदन दिलावर पर 14 मुकदमे दर्ज हैं, उनका काम केवल अनर्गल बयानबाजी करना ही है और उसे शिक्षा जैसा पवित्र महकमा दिया गया है। हमारी सरकार में ऐसे व्यक्ति पर कार्रवाई होती तो वो जेल में होते। इनकी बोलने की हिम्मत नहीं होती।


भाजपा नेताओं से बात करने वालों की पार्टी में जगह नहीं: डोटासरा 

पीसीसी चीफ ने अपने ही नेताओं पर तंज कसते हुए कहा कि कुछ नेता रात को फेस टाइम पर भाजपा नेताओं से बात करते हैं, ऐसे नेताओं की कांग्रेस में जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में 10-20 नेता अपने आपको टॉप समझते हैं कि ‘मैं बनूं मैं बनूं’,। अगर वो मोदी सरकार और भजन लाल सरकार के खिलाफ बोलने लग जाएं तो भाजपा की हालत खराब हो जाए। डोटासरा ने आरोप लगाया कि सरकार के कुछ अधिकारी मुख्यमंत्री कार्यालय में सुबह से शाम तक बैठकर बीजेपी के नेताओं की दलाली करते हैं, जिससे राजस्थान में भ्रष्टाचार फैल रहा है। छोटे कर्मचारियों पर तो सब हाथ डाल देते हैं, लेकिन बड़े अधिकारियों पर कोई हाथ नहीं डालता है। उन्होंने एक बड़े अधिकारी को लेकर भी तंज कसा।

जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है मोदी सरकार: नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली 

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि मोदी सरकार जांच एजेंसी का दुरुपयोग कर रही है। इन एजेंसियों में काम करने वाले अधिकारियों का ईमान भाजपा के पैरों में रखा हुआ है, हमारे कुछ नेता ईडी के डर से कांग्रेस पार्टी छोड़ गए और जिनके ईमान जिंदा है वो कांग्रेस पार्टी के साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि अजीत पंवार पर प्रधानमंत्री ने 70 हजार करोड़ के घोटाले का आरोप लगाया था और 7 दिन बाद ही उन्हें उपमुख्यमंत्री बना दिया। असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्वा शरमा कांग्रेस में थे तब उन पर खूब आरोप लगाए थे, लेकिन वह भी भाजपा में जाकर उनकी वाशिंग मशीन में धुलकर पाक साफ हो गए। उन्होंने कहा कि शुभेंदु अधिकारी जब तृणमूल कांग्रेस में थे तब भी उन पर खूब आरोप लगे थे, लेकिन अब वो भी भाजपा में जाकर वाशिंग मशीन में धूल गए। जूली ने आरोप लगाया कि आइफा में जो साढ़े सात लाख और 5 लाख के पास बांटे गए थे वो वही पैसे हैं जो गोविंद देव जी मंदिर के जीर्णोद्धार पर खर्च होने थे।

जेल जाने के लिए तैयार रहे कार्यकर्ता, हम संघर्ष करते रहेंगे: गहलोत
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि यह वक्त कांग्रेस कार्यकर्ताओं का है, आप जमकर पार्टी को मजबूत करने का काम करें। संघर्ष में साथी बने, इंदिराजी जब जेल गई थी तब हम लोग भी जेल गए थे। आप भी तैयारी रखें जेल जाने की, जरूरत पड़े तो आप पीछे नहीं हटें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता में प्रतिस्पर्धा होनी चाहिए कि अगर जेल भरो अभियान चलेगा तो सबसे पहले मैं जाऊंगा, यह प्रतिस्पर्धा होनी चाहिए। 

गुरुवार को सभी जिलों और शुक्रवार को ब्लॉक पर दिए जाएंगे धरने
धरने को विधायक रफीक खान, पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास, आरटीडीसी के पूर्व अध्यक्ष धर्मेंद्र राठौड़, कांग्रेस जयपुर शहर अध्यक्ष आर आर तिवाड़ी सहित कई अन्य नेताओं ने संबोधित किया। कांग्रेस के धरने को देखते हुए ईडी कार्यालय के बाहर पुलिस का तगड़ा बंदोबस्त किया गया था। जयपुर में तेज गर्मी के चलते कार्यकर्ताओं की भीड़ कम ही नजर आई। कई कार्यकर्ता धूप से बचने के लिए इधर-उधर छाया तलाशते नजर आए। जयपुर में धरने के बाद अब गुरुवार को सभी जिलों में और शुक्रवार को सभी 400 ब्लॉक में कांग्रेस के धरने आयोजित होंगे।