राजस्थान में ही 10 ग्राम स्टैंडर्ड सोने की कीमत पहुंची 90,300 रुपए, चांदी ने भी छुआ एक लाख प्लस का मार्क, अमरीका के नए दांवपेंच से बाजार में उथल-पुथल
अभी और कीमतें बढऩे का अनुमान, विश्लेषकों का टारगेट आने वाले महीनों में 3,500 डॉलर प्रति औंस पर, डॉलर के मुकाबले रुपया भी कमजोर
जयपुर। सोने की कीमत ने स्वर्णिम इतिहास बनाया है। राजस्थान में सोने की कीमत ने सारे रिकॉर्ड तोड़े है। 10 ग्राम स्टैंडर्ड सोने की कीमत 90,300 रुपए पहुंची है। चांदी भी महंगी हुई है। अब 1 किलो चांदी 1 लाख 2 हजार रुपए प्रति किलो हो गई। अगले कुछ दिनों में और कीमतें बढ़ सकती है। अमेरिका के राजनीतिक परिवर्तनों से सोने की मांग बढ़ रही है। डॉलर की मजबूती से रुपया भी कमजोर हुआ है। सर्राफा व्यापारियों ने कीमती धातुओं में निवेश की सलाह दी है।
दरअसल, डोनाल्ड ट्रंप द्वारा शुरू किया गया टैरिफ वॉर अब काफी व्यापक होता जा रहा है। इससे वैश्विक कारोबार को लेकर काफी अनिश्चितता पैदा हो गई है। इससे सोना सेफ हेवन एसेट के रूप में मजबूत हो रहा है। सोने की वैश्विक कीमत तो रिकॉर्ड उच्च स्तर पर पहुंच गई है। ब्लूमबर्ग के अनुसार, कमोडिटी मार्केट यानी कॉमेक्स पर सोने की कीमत 3001 डॉलर प्रति औंस के ऑल टाइम हाई लेवल पर पहुंच गई। शुक्रवार को सोने का वैश्विक भाव 0.33 फीसदी या 9.80 डॉलर की बढ़त के साथ 3001.10 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुआ। वहीं, गोल्ड स्पॉट 0.17 फीसदी या 5.02 डॉलर की गिरावट के साथ 2984.16 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुआ। कॉमेक्स पर सोना को 3005 डॉलर के स्तर तक पहुंच गया था। सोने में आई यह तेजी वैश्विक व्यापार में मौजूदा अत्यधिक अनिश्चितता को दर्शाती है। यह बताता है कि निवेशक अमेरिका के इकोनॉमिक आउटलुक को लेकर चिंतित हैं। जब भी दुनिया में मंदी आती है, आर्थिक अनिश्चितता आती है, भू-राजनीतिक तनाव पैदा होते हैं या शेयर मार्केट कै्रश होता है, तो सोना सेफ हेवन एसेट के रूप में मजबूत हो जाता है। इन परिस्थितियों में केंद्रीय बैंक और निवेशक सोना खरीदते हैं, जिससे सोने की कीमतों में तेजी आती है।
वैश्विक शेयर बाजार में गिरावट के बाद अब सोना बना निवेशकों की पंसद
अंतरराष्ट्रीय बाजार के समर्थन से सोना और चांदी के दाम सर्वोच्च स्तर पर पहुंच गए। शनिवार को सोना जहां 90 हजार पार तो चांदी 1,03,000 रुपए को छू गई। मतलब बढ़ती कीमत के बाद भी लोगों ने मान लिया है कि सोने में इनवेस्ट एक शानदार ऑप्शन है, क्योंकि यह आपको रिस्क फ्री रिटर्न देता है। सोने में इनवेस्टमेंट करना फायदेमंद हो सकता है। स्थानीय बाजार का भी बढ़ी कीमत को अच्छा समर्थन मिल रहा है। एक माह पूर्व यानि 15 फरवरी को सोना 87600 रुपए प्रति 10 ग्राम एवं चांदी 98 हजार रुपए प्रति किलोग्राम के भाव था। इस प्रकार एक माह में सोना 3050 रुपया प्रति ग्राम और चांदी 5000 प्रति किलोग्राम की बढ़त बना चुका है। भाव में वृद्धि का मुख्य कारण अमेरिका के टेरिफवार के कारण व्यापार युद्ध की संभावनाओं एवं अमेरिकी फेडरल बैंक द्वारा ब्याज दरों में कटौती के कारण चलते स्टॉकिस्ट एवं निवेशक सोने और चांदी में निवेश कर रहे हैं।