बगरू में भूमाफियाओं पर जेडीए अधिकारी मेहरबान..इंडस्ट्री के नाम पर जोन-12 में बस रही अवैध कॉलोनी!

अठमोरिया गांव के पास मुख्य जयपुर-अजमेर राष्ट्रीय राजमार्ग पर चल रहा काला कारोबार, अग्रवाल इंडस्ट्रीज के नाम से बोर्ड लगाया लेकिन काट दी अवैध कॉलोनी

दुर्गा विहार के नाम से इस कॉलोनी में बेचे जा रहे प्लॉट, पक्की सडक़ों तक का कर दिया गया निर्माण, अवैध निर्माण पर जिम्मेदारों का मौन पड़ रहा भारी


बगरू। क्षेत्र में जेडीए जोन 12 के क्षेत्राधिकार में कोलोनाइजर्स का अवैध कारोबार जेडीए की बेपरवाही की वजह से फल-फूल रहा है। यहां इंडस्ट्रीज की आड़ में अवैध कॉलोनी काट दी गई लेकिन जेडीए प्रशासन को भनक तक नहीं लगी। ऐसे में जेडीए प्रशासन को राजस्व की हानि हो रही है फिर फिर भी जिम्मेदार खामोश बैठे है। 
दरअसल, बगरू क्षेत्र में बेखौफ कालोनाइजर इंडस्ट्रीज की आड़ लेकर अवैध कॉलोनी काट रहे हैं। जेडीए प्रशासन की उदासीनता के चलते बिना किसी अनुमोदन स्वीकृति के यहां कॉलोनियां काटी जा रही है। हालात यह है कि कॉलोनी काटने वाले लोगों में प्रशासन का रत्तीभर भी खौफ नहीं है, जिससे ये लोग बेखौफ होकर जयपुर-अजमेर राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी अवैध कॉलोनियों काटने से नहीं कतरा रहे हैं। जानकारी के अनुसार वर्तमान में बगरू के पास अठमोरिया गांव के पास मुख्य जयपुर-अजमेर राष्ट्रीय राजमार्ग पर संबंधित प्रशासन की अनुमति स्वीकृति के बिना लगभग 7 बीघा जमीन पर इंडस्ट्रीज की आड़ में दुर्गा विहार के नाम से कॉलोनी काट दी गई तथा धड़ल्ले से प्लॉट बेचे जा रहे है। 

यहां बोर्ड लगा है अग्रवाल इंडस्ट्रीज का और काटी जा रही अवैध कॉलोनी
बगरू मेंकोलोनाईजर इतने चालाक है कि सम्बन्धित प्रशासन को गुमराह करने के लिए उक्त कॉलोनी में अग्रवाल इंडस्ट्रीज के नाम से बोर्ड लग रखा है। जबकि कॉलोनी की सडक़ों आदि का निमार्ण कार्य धड्डले से चल रहा है। इस सबके बावजूद संबंधित प्रशासन आंखें बंद कर बैठा हुआ है। विचारणीय बिंदु है कि क्या सम्बन्धित जेडीए प्रशासन इतना असहाय हो गया है कि इन अवैध कार्य करने वालो के खिलाफ कार्यवाही नहीं कर सकता या फिर जेडीए प्रशासन की मिलीभगत से सारा खेल खेला जा रहा है।