15 साल की लड़की को घर से उठा ले गए दो युवक, एक ने दुष्कर्म किया और दूसरे ने वीडियो बनाया

जोधपुर@ सरहदी बाड़मेर जिले के शिव क्षेत्र में एक नाबालिग किशोरी के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घर पर अकेली 15 साल की लड़की को दो युवक उठाकर अपने साथ ले गए। उनमें से एक ने लड़की के साथ दुष्कर्म किया जबकि दूसरे युवक ने वीडियो बनाया। दुष्कर्म के बाद दोनों युवक बेहोशी की हालत में लड़की को सड़क किनारे फेंककर चले गए। पीड़ित को राजकीय अस्पताल बाड़मेर में भर्ती कराया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक ने अस्पताल पहुंच लड़की और उसके परिजनों से मुलाकात की है।बाड़मेर के पुलिस अधीक्षक आनंद शर्मा ने बताया कि भियाड़ पुलिस चौकी के क्षेत्र में स्थित एक गांव में यह किशोरी घर पर कल अकेली थी। इसके माता-पिता गांव में सरपंच चुनाव में मतदान करने गए हुए थे। इस दौरान मोटर साइकिल पर आए दो युवक उसे अपने साथ ले गए। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वे उसे उठा कर ले गए या फिर बहला-फुसला कर। गांव के बाहर सुनसान क्षेत्र में ले जाकर एक युवक ने लड़की के साथ दुष्कर्म किया।इस दौरान दूसरा युवक वीडियो बनाता रहा। रात आठ बजे तक किशोरी के घर नहीं पहुंचने पर उसके माता-पिता ने भियाड़ पुलिस चौकी पर जानकारी दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए इसकी खोजबीन की तो देर रात गांव के बाहर सड़क किनारे लड़की बेहोशी की हालत में मिली। इसे तुरंत इलाज के लिए बाड़मेर भेजा गया।उन्होंने बताया कि जिला कलेक्टर विश्राम मीणा के साथ उन्होंने अस्पताल में भर्ती लड़की व उसके परिजनों से मुलाकात कर घटनाक्रम की जानकारी हासिल की है। किशोरी का कहना है कि वह दोनों युवकों को नहीं जानती है। ऐसे में उससे मिली जानकारी के आधार पर दोनों की तलाश की जा रही है। फिलहाल पुलिस कुछ संदिग्ध युवकों से पूछताछ कर रही है। किशोरी की स्थिति अब स्थिर है।