रेनवाल मांजी। कस्बे स्थित मांड्या विहार कॉलोनी निवासी एक महिला की घरेलू पानी की मोटर चलाने के दौरान मोटर में करंट दौडऩे से करंट लग जाने के कारण मौत हो गई। जानकारी के अनुसार पूजा देवी (35) धर्मपत्नी दिनेश सैन निवासी बोकड़ावास ग्राम पंचायत नारायणपुरा हाल निवासी रेनवाल मांजी मांड्या विहार कॉलोनी सुबह 8.30 बजे पानी की मोटर चालू कर रही थी। इसी दौरान मोटर में दौड़े करंट ने महिला को चपेट में ले लिया जिससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। करंट लगने के दौरान पति दिनेश सैन बाहर गया हुआ था। तो साथ ही घर पर सात वर्षीय बेटा अखिल भी बाहर पड़ोस में खेल रहा था। जब अखिल खेलकर अंदर गया तो देखा मां गिरी हुई थी। देखकर चिल्लाया तो पड़ोसी आए और घायल महिला को लक्ष्मण हॉस्पिटल लेकर गए। जहां पर अस्पताल डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी पर रेनवाल मांजी थाना पुलिस ने पहुंच कर जायजा लिया। मृतक महिला का उप जिला राजकीय चिकित्सालय फागी में पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सुपर्द कर दिया।
मृतक महिला के चार बच्चे है उनमें से निखिल 16 वर्ष, खुशी 14 वर्ष, कनक 12 वर्ष ओर अखिल 7 वर्ष है। महिला की मौत से बच्चों के सिर से मां साया उठ जाने से बच्चे सदमे में है। घटना के समय अन्य तीन बच्चे परिवार में शादी के कार्यक्रम में गए हुए थे। बच्चो को मां की मौत की खबर लगते ही रो रो कर बुरा हाल हो गया। मृतक महिला आठ माह से कोमा में गए हुए बुर्जुग ससुर के साथ बच्चों का ख्याल रखती थी।
: