हर बार की तरह इस बार भी आलाकमान ने दी नए नाम को तरजीह; संघ की भी रहा खासा दखल, चौथी महिला मुख्यमंत्री के तौर पर आज शपथ लेंगी रेखा गुप्ता
विधायक दल की बैठक में किया गया ऐलान, भाजपा और एनडभ्ए शासित राज्यों की पहली महिला सीएम बनी, प्रवेश वर्मा बन सकते हैं डिप्टी सीएम, अब मंत्रिमंडल पर टिकी निगाहें
नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री पद पर लंबे समय से चल रहा संशय खत्म हो गया है। भाजपा की ओर से बुधवार को मुख्यमंत्री पद के लिए घोषणा कर दी गई है। पार्टी हाईकमान द्वारा प्रदेश मुख्यालय में रेखा गुप्ता को मुख्यमंत्री का नया चेहरा चुना गया है। रेखा गुप्ता अब आज यानि 20 फरवरी को दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में पद व गोपनीयता की शपथ लेंगी। बीते कुछ दिनों से दिल्ली में मुख्यमंत्री सीट के लिए भाजपा के दिग्गज नेताओं में शामिल सतीश उपाध्याय, विजेंद्र गुप्ता, प्रवेश वर्मा समेत अन्य नेताओं पर कयास लगाए जा रहे थे। हालांकि, भाजपा ने सभी कयासों को साफ करते हुए रेखा गुप्ता के चेहर पर मुहर लगा दी है। पार्टी ने रविशंकर प्रसाद और ओम प्रकाश धनखड़ को पर्यवेक्षक बनाया था। दोनों ने विधायक दल की बैठक से पहले भाजपा के सभी विधायकों से एक-एक करके बात की। इसके बाद विधायक दल की बैठक में सतीश उपाध्याय और विजेंद्र गुप्ता ने रेखा गुप्ता के नाम का प्रस्ताव रखा, फिर सीएम के नाम का ऐलान किया गया। मुख्यमंत्री की शपथ गुरुवार (20 फरवरी) को रामलीला मैदान में दोपहर 12:35 बजे होगी। दिल्ली के मुख्य सचिव की तरफ से भेजे गए निमंत्रण में मुख्यमंत्री के साथ मंत्रियों की शपथ का भी जिक्र है। कार्यक्रम में 30 हजार मेहमानों के शामिल होने की उम्मीद है। भाजपा और एनडीए की 21 राज्यों में सरकार हैं, इनमें रेखा गुप्ता एकमात्र महिला सीएम होंगी।
दिल्ली में भाजपा की 4 महिला विधायक, एक सीएम बनीं
दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 8 महिला प्रत्याशियों को टिकट दिया था। इनमें से 4 ने जीत हासिल की है। रेखा गुप्ता ने शालीमार बाग सीट पर जीत हासिल की। वजीरपुर सीट से भाजपा प्रत्याशी पूनम शर्मा ने ्र्रक्क के नीरज गुप्ता को शिकस्त दी। नजफगढ़ सीट से नीलम पहलवान तो ग्रेटर कैलाश विधानसभा सीट पर शिखा रॉय ने आप नेता सौरभ भारद्वाज को हराया था। रेखा गुप्ता शालीमार बाग सीट से विधायक हैं। उन्होंने आम आदमी पार्टी की नेता वंदना कुमारी को 29,595 वोटों के अंतर से मात दी थी। रेखा गुप्ता मूल रूप से हरियाणा के जिंद की रहने वाली हैं। उनका पैतृक गांव नंदगढ़ जिंद के जुलाना में है। यहां उनका दादा मनिराम और परिवार के बाकी लोग रहा करते थे। हालांकि, उनके पिता जयभगवान की नौकरी दिल्ली में लग गई, जिसके बाद उनका परिवार दिल्ली में शिफ्ट हो गया।
दिल्ली से पढ़ी-लिखी हैं रेखा गुप्ता, राजधानी की राजनीति पर है गहरी पकड़
रेखा गुप्ता की पढ़ाई-लिखाई दिल्ली से हुई है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से पढ़ाई पूरी करने के बाद मनीष गुप्ता से 1998 में शादी की। मनीष गुप्ता का स्पेयर पार्ट्स का कारोबार है। रेखा गुप्ता बचपन से ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़ी रही हैं। उन्होंने संघ से जुड़े रहकर एबीवीपी के माध्यम से छात्र राजनीति में प्रवेश किया। साल 1994-95 में वह दौलत राम कॉलेज की सचिव बनी। वहीं, 1995-96 में दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ की सचिव बनीं। साल 1996-97 में वह डूसू अध्यक्ष बनीं।
रेखा गुप्ता ने भाजपा में विभिन्न पदों पर निभाई जिम्मेदारी
रेखा गुप्ता ने 2003 से 2004 तक भाजपा में युवा मोर्चा में सचिव पद की जिम्मेदारी निभाई है। वहीं, 2004-06 तक वह युवा मोर्चा की राष्ट्रीय सचिव बनीं। राजनीति में आगे बढ़ते हुए उन्होंने निगम पार्षद का चुनाव लड़ा और 2007 में वह पीतमपुरा वॉर्ड से पार्षद चुनी गईं। साल 2009 तक उन्होंने महिला कल्याण एवं बाल विकास समिति की अध्यक्ष के रूप में भी जिम्मेदारी संभाली। वहीं, साल 2010 में उन्हें भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य बनाया गया। रेखा गुप्ता शालीमार बाग से विधायक हैं। उन्होंने 29,595 वोट से जीत हासिल की है। फिलहाल वो महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं। गुप्ता दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्र संघ की सचिव और अध्यक्ष रहीं। 2007 और 2012 में उत्तरी पीतमपुरा से पार्षद बनीं। उन्हें 2015 और 2020 में विधानसभा चुनाव में हार का सामना करना पड़ा था।