दूदू में दुरुस्त होगी ड्रेनेज व्यवस्था..अतिक्रमणों पर होगा तुरंत एक्शन

जिले की साप्ताहिक समन्वय बैठक आयोजित, अतिरिक्त जिला कलक्टर ने पार्किंग एवं सुचारु यातायात व्यवस्था के दिए निर्देश, जिला मुख्यालय पर स्वास्तिक अस्पताल के नजदीक तैयार होगा पार्किंग जोन

दूदू। साप्ताहिक समन्वय बैठक मंगलवार को अतिरिक्त जिला कलक्टर गोपाल परिहार की अध्यक्षता में जिला कलेक्ट्रेट में आयोजित हुई। बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर ने गत शनिवार को जिला कलक्टर डॉ. जितेंद्र कुमार सोनी द्वारा दिए गए निर्देशों के तहत जिला मुख्यालय पर नरैना रोड के नाला व डिवाइडर निर्माण कार्य, सफाई, यातायात व पार्किंग व्यवस्था तथा सर्विस रोड़ पर लगी रोड़ लाइट के संबंध में संबंधित विभागों के अधिकारियों से चर्चा की। इस दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर ने सर्विस रोड पर चल रहे ड्रेनेज कार्य की समीक्षा कर सडक़ के दोनों ओर ड्रेनेज व्यवस्था दुरस्त कर सर्विस रोड़  शीघ्र मरम्मत करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने पुलिया के नीचे कचरा पात्र रखवाने एवं बंद पड़ी लाइट को शुरू करने के भी निर्देश दिए। बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर ने जिला मुख्यालय पर यातायात व पार्किंग व्यवस्था सही करने के लिए नरेना रोड पर स्वास्तिक अस्पताल के नजदीक खाली मैदान पर वाहनों को खड़ा करने तथा पार्किंग जोन तैयार करने के निर्देश दिये। साथ ही उन्होंने सडक़ के बीच में खड़े रहने वाले वाहनों, सडक़ सीमा में सामान बेचने वालों पर कार्यवाही करने के निर्देश दिए। बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर ने फागी रोड से विद्युत पोल शिफ्ट करने एवं मालपुरा रोड़ पर अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाने  के निर्देश संबंधित विभाग के अधिकारियों को दिये। इस दौरान बैठक में पुलिस उपाधीक्षक दीपक खंडेलवाल, तहसीलदार मदन परमार, सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता गुरुशरण वर्मा, नगर परिषद के सहायक अभियंता राहुल शर्मा, रोडवेज के राकेश कुमार, राष्ट्रीय राजमार्ग के प्रतिनिधि सहित सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Most Read