जयपुर-दिल्ली रूट पर ऑपरेट होने वाले राजस्थान रोडवेज की सुपर लग्जरी (वॉल्वो) बस सर्विस अब बंद कर दी गई है। मई महीने की शुरुआत से इनकी जगह अब एसी डीलक्स (2 बाय 2) बसें चलाई जा रही हैं। दरअसल, दिल्ली सरकार की गाइडलाइन के अनुसार बीएस-6 मानक से नीचे की गाड़ियों की एंट्री पर रोक है। इसके कारण यह फैसला लिया गया। जयपुर से पहले रोजाना 7 लग्जरी बसें दिल्ली के लिए चलती थीं। राजस्थान रोडवेज के डीलक्स आगार के मुख्य प्रबंधक हेमेन्द्र सिंह यादव ने बताया- विभाग के पास इस तरह की बसें 8 साल पुरानी थीं। दिल्ली सरकार की नई पॉलिसी के अनुसार पुरानी बसों को राजधानी में प्रवेश नहीं मिल रहा था। नई बीएस-6 बसें मिलने तक इस रूट पर डीलक्स बसें ही संचालित की जाएंगी। इनका किराया भी सुपर लग्जरी बस करीब 210 से 150 रुपए तक कम है। हालांकि, कंफर्ट को लेकर भी सवाल हैं। हेमेंद्र यादव ने बताया कि जयपुर से डायरेक्ट दिल्ली के बीच चलने वाले एसी बस का किराए में करीब 150 रुपए का अंतर होगा। वहीं जो बस वाया अलवर होकर चल रही है उसका किराया 540 रुपए है। जबकि पहले यह 750 रुपए था। जयपुर-दिल्ली रूट पर चलने वाली वॉल्वो बसों की बुकिंग अब RSRTC की वेबसाइट पर भी बंद कर दी गई है। यात्रियों को फिलहाल डीलक्स या अन्य सामान्य एसी बसों से ही सफर करना होगा।
Sunday : June 29, 2025
6 : 50 : 21 PM