जोबनेर मंडल में भाजपा सदस्यता अभियान के लिए आयोजित हुआ महासंपर्क कार्यक्रम

जोबनेर। भाजपा के सदस्यता अभियान 2024 को लेकर शुक्रवार को जोबनेर मण्डल में महासम्पर्क अभियान रखा गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जयपुर ग्रामीण सांसद राव राजेंद्र सिंह रहे। कार्यक्रम का शुभारम्भ दीपप्रज्वलन के साथ किया गया। पूर्व पालिकाध्यक्ष फूलचंद मीणा, मण्डल अध्यक्ष पंकज जोया, पालिका अध्यक्ष मंजू सिंघी, पूर्व पालिका अध्यक्ष सुरेंद्र सिंघी, महिलाध्यक्ष पंकज राठौड़, मुख्य पुजारी चेतन पाराशर ने दुप्पटा, साफा एवं ज्वाला माता की फोटो भेंट कर सांसद का स्वागत किया। स्वागत उद्बोधन में पूर्व पालिका अध्यक्ष फूलचंद मीणा ने सदस्यता अभियान को लेकर अधिक से अधिक संख्या में जोबनेर मंडल से सदस्य को जोडऩे का आव्हान किया। साथ ही जोबनेर कस्बे में पानी की समस्या को लेकर एवं महिला चिकित्सक की नियुक्ति को लेकर समस्या से सांसद को अवगत कराया। 
इस दौरान राज्यपाल के श्री कर्ण नरेंद्र कृषि विश्वविद्यालय जोबनेर के स्थापना दिवस पर आगमन कार्यक्रम में विश्वविद्यालय संस्थापक के वंशज संग्राम सिंह, नगर पालिका अध्यक्षा मंजू सिंघी ( प्रथम नागरिक) को आमंत्रित कर दर्शक दीर्घा की प्रथम पंक्ति में नहीं बिठाने और राज्यपाल का स्वागत नहीं करवाने को लेकर भाजपा मंडल अध्यक्ष पंकज जोया व मण्डल के कार्यकर्ताओं ने सांसद के समक्ष इस बात को रखकर रोष व्यक्त किया एवं अपना विरोध दर्ज करवाया। साथ ही विश्वविद्यालय के कुलपति के विरुद्ध निंदा प्रस्ताव पारित किया गया।
इस कार्यक्रम में राव राजेंद्र सिंह ने कार्यकर्ताओं को पूरी ईमानदारी से घर घर जाकर सदस्यता अभियान से कार्यकर्ताओं को जोडऩे का आव्हान किया। साथ ही जोबनेर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में विकास की कोई कमी नहीं रहने का भरोसा दिलवाया। साथ ही अगले दौरे में कार्यकर्ताओं के घर जाकर चाय पर चर्चा करने को कहा। इसके साथ ही उप मुख्यमंत्री दियाकुमारी का क्षेत्र का दौरा करवाकर बरसात में क्षतिग्रस्त सडक़ो के लिए विशेष बजट स्वीकृत करवाने का आश्वासन दिया।