CM अशोक गहलोत ने बुलाई अधिकारियों की बैठक, कानून-व्यवस्था पर चर्चा

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कल, 28 जून को कन्हैया लाल की हत्या के बाद राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति के बारे में अधिकारियों के साथ बैठक बुलाई है। वहीं, गृह मंत्रालय कार्यालय ने कहा कि राजस्थान के उदयपुर में हुई कन्हैया लाल तेली की नृशंस हत्या की जांच को केंद्रीय गृह मंत्रालय ने राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) को अपने हाथ में लेने का निर्देश दिया है। किसी भी संगठन की संलिप्तता और अंतरराष्ट्रीय संपर्क की गहन जांच की जाएगी.
केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि इंसानियत के ख़िलाफ़ तालिबानी क्रूरता और शैतानी जुर्म न कोई इमान वाला कर सकता है न इस्लाम वाला, यह तालिबानी वाला कर सकता है। इस तरह की तालिबानी साजिशों को परास्त करना सबकी ज़िम्मेदारी है। यह केवल इंसानियत के नहीं बल्कि इस्लाम के भी दुश्मन है.

उदयपुर की घटना पर आम आदमी पार्टी के नेता आतिशी मार्लेना ने कहा कि उदयपुर में जो घटना हुई है वो बहुत ही दर्दनाक और विभत्स है और अगर हमारे देश में ऐसी घटनाएं हो रही हैं तो ये देश के लिए शर्म की बात है। हम ये उम्मीद करते हैं कि जो हमारा लॉ एंड ऑर्डर है वो इस घटना के लिए जो दो लोग दोषी हैं...जिन्होंने खुद वीडियो बना कर ये कहा है कि उन्होंने कन्हैया लाल के सिर को काटा है, उनको तुरंत सख्त से सख्त सजा देनी चाहिए, जिससे कि दोबारा कभी भी किसी की भी ऐसी घटना को अंजाम देने की हिम्मत ना हो.