राजस्थान में एक दर्जन से अधिक कांग्रेसियों ने थामा भाजपा का दामन

जयपुर@ नगर निगम और आने वाले जिला परिषद तथा पंचायत चुनाव से पहले सत्ताधारी दल कांग्रेस को झटका लगा है। कांग्रेस के लगभग एक दर्जन से ज्यादा छोटे-बड़े कार्यकर्ता व पूर्व पदाधिकारियों ने भाजपा का दामन थाम लिया। इन सभी कांग्रेसियों को बुधवार को जयपुर स्थित भाजपा मुख्यालय में प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया ने पार्टी का दुपट्‌टा पहनाकर सदस्यता ग्रहण करवाई।इस मौके पर नेता प्रतिपक्ष गुलाब चंद कटारिया, उपनेता राजेन्द्र राठौड़ और राजसमंद से सांसद व प्रदेश महामंत्री दीया कुमारी भी मौजूद रहीं।

कांग्रेस अब महात्मा गांधी की नहीं वाड्रा की: पुनिया- सदस्यता ग्रहण करने के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया ने कहा कि कांग्रेस के प्रमुख लोग आज भाजपा परिवार में शामिल हुए हैं। क्योंकि भाजपा पार्टी एक परिवार की नहीं बल्कि सभी कार्यकर्ताओं की संयुक्त पार्टी है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि यह अब महात्मा गांधी की पार्टी नहीं रही। सही मायने में ये अब वाड्रा की कांग्रेस है और इसलिए देश की जनता का इस वाड्रा कांग्रेस से मोहभंग हो गया है।

ये हुए भाजपा में शामिल- भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने वालों में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव सत्यनारायण सिंघल, चूरू जिले के बीदासर पंचायत की पूर्व प्रधान संतोष मेघवाल, राजसमंद जिले के देवगढ नगर पालिका की उपाध्यक्ष रेखा सोनी प्रमुख हैं। इनके अलावा कांग्रेस सेवादल ब्लॉक के पूर्व अध्यक्ष सुरेश जोशी, देवगढ़ पालिका के निर्दलीय पार्षद नरेश पानेरी, कांग्रेसी नेता अजय सोनी, दिनेश वैष्णव सहित अन्य ने सदस्यता ग्रहण की।