बच्चों की कला को मिलेगा जेकेके का मंच..स्टूडियो साज का सांस्कृतिक कार्यक्रम आज शाम

जयपुर। जवाहर कला केंद्र में आज शाम सांस्कृतिक कार्यक्रम की रंगारंग प्रस्तुति से माहौल खुशनुमा होगा। स्टूडियो साज द्वारा आयोजित इस विशेष सांस्कृतिक संध्या में बच्चों का उत्साह और प्रतिभा झलकेगी, जहां सैंकड़ों बच्चे अपने कला कौशल का प्रदर्शन करेंगे। कार्यक्रम में ड्रामा, गिटार, नृत्य, कथक, की-बोर्ड और पेंटिंग जैसी विभिन्न विधाओं की मनमोहक प्रस्तुतियां होंगी। यह आयोजन शाम 5 बजे से रात 8 बजे तक चलेगा, जिसमें प्रवेश पासेस के माध्यम से होगा। बच्चों ने इस कार्यक्रम की तैयारी पिछले एक महीने से चल रही समर क्लासेज में की है, जिससे उनकी मेहनत और समर्पण स्पष्ट रूप से नजर आएगा। संस्था की संचालक अंजलि वरयानी ने बताया कि इस सांस्कृतिक संध्या का मुख्य आकर्षण म्यूजिकल प्ले होगा, जो प्रसिद्ध तेनाली राम के किस्सों पर आधारित है। यह कहानी दर्शाती है कि कैसे तेनाली राम ने अपनी बुद्धिमत्ता और त्वरित निर्णय क्षमता से कठिन समस्याओं का समाधान खोजा। इस म्यूजिकल प्ले का शीर्षक है - ‘समस्याओं पर लगाए पूर्ण विराम: हमारा तेनाली राम’।