शिवाजी महाराज के मूल्य हमें आगे बढ़ने का मार्ग दिखा रहे है- PM मोदी Shivaji Maharaj Coronation 350th Anniversary

 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “छत्रपति शिवाजी महाराज का राज्याभिषेक दिवस नई चेतना, नई ऊर्जा लेकर आया है। मैं आज छत्रपति शिवाजी महाराज के चरणों में कोटि-कोटि नमन करता हूं।“

शिवाजी महाराज के मूल्य हमें आगे बढ़ने का मार्ग दिखा रहे है- PM मोदी
Shivaji Maharaj Coronation 350th Anniversary: मराठा साम्राज्य के महान शासक छत्रपति शिवाजी महाराज के राज्याभिषेक की 350वीं वर्षगांठ के अवसर पर आज महाराष्ट्र में 'शिवराज्याभिषेक' उत्सव धूम-धाम से मनाया जा रहा है। नागपुर, रायगढ़ समेत राज्य के विभिन्न हिस्सों में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किये गए है। शिवाजी महाराज के राज्याभिषेक समारोह को याद करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने महाराष्ट्र के वीर सपूत के शौर्य और सुशासन को याद किया।
महाराष्ट्र सरकार रायगढ़ में 350वां राज्याभिषेक समारोह मना रही है। मुंबई के गेटवे ऑफ इंडिया पर शिवराज्यभिषेक वर्ष समारोह और शिव युग के ऐतिहासिक हथियारों की प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है। इस प्रदर्शनी का उद्घाटन मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने किया। हर साल शिवाजी महाराज के राज्याभिषेक की वर्षगांठ को शिवराज्याभिषेक दिवस के रूप में मनाया जाता है।


शिवाजी महाराज के चरणों में कोटि-कोटि नमन- पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक वीडियो संदेश में कहा, “छत्रपति शिवाजी महाराज का राज्याभिषेक दिवस नई चेतना, नई ऊर्जा लेकर आया है। छत्रपति शिवाजी महाराज का राज्याभिषेक उस कालखंड का एक अद्भुत और विशिष्ट अध्याय है। राष्ट्र कल्याण और लोक कल्याण उनकी शासन व्यवस्था के मूल तत्व रहे हैं। मैं आज छत्रपति शिवाजी महाराज के चरणों में कोटि-कोटि नमन करता हूं।“

‘एकता और अखंडता को सर्वोपरि रखा’

पीएम मोदी ने कहा “उन्होंने हमेश भारत की एकता और अखंडता को सर्वोपरि रखा। आज 'एक भारत-श्रेष्ठ भारत' के विजन में शिवाजी महाराज के विचारों का ही प्रतिबिंब देखा जा सकता है। सैंकड़ों वर्षों की गुलामी ने देशवासियों से उनका आत्मविश्वास छीन लिया था, ऐसे समय में लोगों में आत्मविश्वास जगाना एक कठिन कार्य था। उस दौर में छत्रपति शिवाजी महाराज ने ना केवल आक्रमणकारियों का मुकाबला किया बल्कि जन मानस में ये विश्वास भी कायम किया कि स्वयं का राज संभव है।