आज सर्वार्थ सिद्धि योग में खरीदें वाहन

जयपुर@ घरों में दिवाली की सफाई और बाजारों में खरीदारों की भीड़ परवान पर है। दिन में ग्रहणिया मां लक्ष्मी के आगमन के लिए घरों को चमकाने में लगी हैं तो शाम को त्यौहार मनाने के लिए बाजारों में खरीदारी के लिए उमड़ रही हैं। करोना महामारी के कारण 7 माह तक स्वास्थ्य की चिंता और फिक्र में डूबे लोगों में अब दिवाली के त्यौहार की खुशी देखने को मिल रही है। उनकी खुशी को दिवाली तक हर रोज आने वाले विशेष योग व नक्षत्रों ने और बढ़ा दिया है। हर दिन कोई ना कोई विशेष योग पड़ रहा है जो उस दिन की गई खरीदारी को शुभ और फलदाई बनाएगा। 2 नवंबर सोमवार के दिन सर्वार्थ सिद्धि योग वाहन खरीदने व व्यापार शुरू करने सहित सभी कार्यों के लिए शुभ रहेगा।

6 को रवि योग, सर्वार्थ सिद्धि और कुमार योग में खरीदें प्रॉपर्टी, वाहन और इलेक्ट्रॉनिक्स

ज्योतिषाचार्य पं दिनेश मिश्रा ने बताया कि 2 नवंबर को सर्वार्थ सिद्धि योग में वाहन खरीदी व व्यापार का शुभारंभ सहित खरीदारी का शुभ फल मिलेगा। 4 नवंबर को सर्वार्थ सिद्धि योग रहेगा। 6 काे रवि योग, सर्वार्थ सिद्धि व कुमार याेग में प्रॉपर्टी, वाहन व इलेक्ट्राॅनिक आइटम खरीदने चाहिए। 7 काे त्रिपुष्कर व रवि याेग भी रहेगा। 8 नवंबर राजयोग, रवि पुष्य योग और सर्वार्थ सिद्धि योग आएंगे। 9-10 नवंबर काे कुमार याेग इलेक्ट्राॅनिक खरीद के लिए शुभ है। मिश्रा ने बताया कि 11 व 14 नवंबर काे सर्वार्थ सिद्धि याेग रहेगा। यह योग वाहन खरीदने, व्यापार शुभारंभ के लिए श्रेष्ठ रहता है।

शनिवार-रविवार को पुष्य नक्षत्र... बहीखाते खरीदें

ज्योतिषाचार्य प्रो. विनोद शास्त्री ने बताया कि 7 नवंबर शनिवार को सुबह 8:05 से रविवार सुबह 8:45 बजे तक पुष्य नक्षत्र रहेगा। रविवार को ही होई अष्टमी भी है। पुष्य नक्षत्र में दिवाली का सामान, बही-खाते, बर्तन, वाहन और अन्य चीजें खरीदनी चाहिए। उनके अनुसार 11 नवंबर को एकादशी बुधवार के दिन उत्तरा फाल्गुनी नक्षत्र में गोदान करने का श्रेष्ठ दिन है। जो गोदान नहीं कर सकें, वे मिट्टी की अथवा धातु की गाय का भी दान कर सकते हैं। यह नक्षत्र अखंड सौभाग्य और संतान पक्ष के लिए श्रेष्ठ है। 12 को गुरु और हस्त नक्षत्र में दिवाली से संबंधित घरेलू सामग्री खरीदने के लिए अच्छा दिन रहेगा। 13 नवंबर धनतेरस और 14 नवंबर दीपावली का पूरा दिन सभी प्रकार के सामान खरीदने के लिए अत्यंत शुभ दिन है।