रामविलास पासवान को दीघा घाट पर बेटे चिराग ने मुखाग्नि दी,

बिहार@ लोकजनशक्ति पार्टी (लोजपा) के संस्थापक रहे रामविलास पासवान शनिवार शाम पंचतत्व में विलीन हो गए। बेटे चिराग पासवान ने उन्हें मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार पटना के दीघा घाट पर हुआ। इससे पहले पासवान के पटना स्थित घर से अंतिम यात्रा निकाली गई। बेटे चिराग पासवान ने जैसे ही पिता को कंधा दिया, लोगों की आंखें नम हो गईं। ‘रामविलास अमर रहें’ के नारे लगे। पार्थिव शरीर को सेना के वाहन पर रखा गया था।

मुखाग्नि देते समय चिराग को आए चक्कर- चिराग पासवान अपने पिता को मुखाग्नि देते समय बेहोश हो गए। दरअसल, चिराग ने मुखाग्नि देने के लिए जैसे ही चिता की परिक्रमा शुरू की तो उन्हें चक्कर आ गए और वह गिर पड़े। लोगों ने उन्हें संभाला। फिर कुछ लोगों की सहायता से उन्होंने मुखाग्नि की प्रक्रिया पूरी की।शुक्रवार शाम 7.55 बजे पासवान का पार्थिव शरीर पटना पहुंचा था। एयरपोर्ट पर ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रामविलास को श्रद्धांजलि दी। नीतीश की आंखों में नमी थी और चिराग पासवान से उनकी आंखों-आंखों में ही बात हुई। रामविलास के बेटे और लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग ने पिछले दिनों नीतीश पर कई बार तीखे हमले किए थे।

पटना एयरपोर्ट पर हंगामा हुआ- रामविलास की बेटी और दामाद को पटना एयरपोर्ट पर अंदर जाने से रोका गया, तो हंगामा हो गया। बेटी आशा और दामाद अनिल कुमार साधु ने आरोप लगाया कि सुरक्षाकर्मी उन्हें अंदर नहीं जाने दे रहे थे। इस दौरान वहां पहुंचे उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी की कार को भी अनिल ने रोक दिया। सुरक्षाकर्मियों की काफी कोशिश के बाद अनिल कार के सामने से हटे।

मोदी, अमित शाह, राजनाथ और राहुल गांधी ने श्रद्धांजलि दी- शुक्रवार को पासवान का पार्थिव शरीर दिल्ली में उनके 12 जनपथ वाले सरकारी घर पर अंतिम दर्शनों के लिए रखा गया था। वहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्रद्धांजलि दी। मोदी के साथ भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद भी थे। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी पासवान को श्रद्धांजलि देने पहुंचे थे।