भाजपा मंडल अध्यक्ष को बदमाशों ने लाठियों से पीटा, एक आरोपी पकड़ा

धौलपुर@ नेशनल हाईवे पर सुबह करीब 5.30 बजे आधा दर्जन नकाबपोश हथियारबंद बदमाशों ने भारतीय जनता पार्टी के पुराना शहर मंडल अध्यक्ष मुस्ताक कुरैशी को जमकर लाठियों से पीट दिया। बदमाशों की पिटाई से मंडल अध्यक्ष गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए आगरा रैफर किया गया है। मंडल अध्यक्ष के साथ हुई घटना को लेकर सांसद डाॅ.मनोज राजौरिया सहित भाजपा पदाधिकारियों ने आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के साथ कठोर कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही कार्रवाई नहीं होने पर राज्य सरकार के खिलाफ आंदोलन की भी चेतावनी दी।वहीं मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी केसर सिंह शेखावत ने पुलिस टीम गठित कर जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। एसपी द्वारा मिले निर्देश के बाद पुलिस ने एक आरोपी जहूरा को गिरफ्तार किया है। आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी गई है। वहीं अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस की दबिश देर शाम तक जारी रही।

मंडल अध्यक्ष पर हमला बिगड़ती कानून व्यवस्था का उदाहरण

पुराना शहर मंडल अध्यक्ष मुस्ताक कुरैशी के साथ नकाबपोश बदमाशों द्वारा किए गए हमले को लेकर भाजपा पदाधिकारियों में आक्रोश है। सांसद डाॅ.मनोज राजौरिया ने कहा कि मंडल अध्यक्ष पर हुआ हमला राजस्थान की कांग्रेस सरकार के राज में बिगड़ती कानून व्यवस्था का एक और उदाहरण देखने को मिला। सांसद ने सीएम से कहा कि वे प्रदेश की कानून व्यवस्था पर विशेष ध्यान दें एवं आरोपियों को पकड़कर उन पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। अगर सरकार ऐसा नहीं करती तो मजबूरन भाजपा को राज्य सरकार के खिलाफ आंदोलन करना पड़ेगा।